शहर के यूनिवर्सिटी रोड स्थित बेकनी पुलिया क्षेत्र में रविवार अलसुबह एक मोबाइल शॉप में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान लपटों की चपेट में आ गई। जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना सुबह लगभग 5 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय क्षेत्र में सन्नाटा था, जिसके कारण आग का पता देर से चल पाया। स्थानीय लोगों ने धुआं उठता देखा तो स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इसके बाद सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग से दुकान में रखे मोबाइल फोन, चार्जर, इयरफोन, मोबाइल कवर, एसेसरीज, फर्नीचर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। दुकान का शटर, दीवारें और अंदरूनी संरचना भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, आग पर अब पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आंकलन जांच के बाद ही किया जा सकेगा। सौभाग्य से घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली कनेक्शन और वायरिंग की नियमित जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
