फरीदाबाद शहर की संजय कॉलोनी चौकी क्षेत्र में संतुलन बिगड़ने से नाले में गिरकर एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और यहां राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। परिवार के साथ किराए पर रहता था पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जैकी कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार का रहने वाला था। वह पिछले काफी समय से फरीदाबाद के गोंछी इलाके में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था और राजमिस्त्री का काम करता था। वीरवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि गोंछी नाले के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद संजय कॉलोनी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाला। शराब के नशे में था मृतक संजय कॉलोनी चौकी के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि मृतक ने काफी शराब पी रखी थी। अधिक नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण वह नाले में गिर गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में नाले में डूबने से राजमिस्त्री की मौत:शराब के नशे में था; संतुलन बिगड़ने से नाले में गिरा
