फरीदाबाद के सेक्टर-8 चौकी क्षेत्र के पटेल नगर झुगी इलाके में गलती से जहरीली दवाई पीने से युवती की मौत हो गई। युवती की पहचान पलक (18) के रूप में हुई है, जिसने खांसी की दवाई की जगह गलती से चूहे मारने वाली दवाई पी ली थी। तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सेक्टर-8 चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह सिविल अस्पताल बीके से पुलिस चौकी में एक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवती की अस्पताल में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सिविल अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि युवती पटेल नगर जोगी इलाके की रहने वाली थी और उसने गलती से चूहे मारने की दवाई पी ली थी, जिसके कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। दोनों दवाई एक जगह रखी थी पुलिस के अनुसार इस मामले में मृतक युवती के पिता संजय पासवान का बयान दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी पलक पिछले दो-तीन दिनों से खांसी थी, इसके लिए वह अस्पताल से दवाई भी लेकर आई थी। सोमवार दोपहर के समय उसने अपनी दवाइयों को घर में रखी चूहे मारने की दवाई के पास रख दिया था। शाम के समय जब वह दवाई लेने लगी तो गलती से चूहे मारने वाली दवाई ही पी ली। इलाज के दौरान हुई मौत दवाई पीने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। जब परिजनों को इसका पता चला तो वे तुरंत उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल बीके लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया और उसे भर्ती कर लिया गया। हालांकि देर रात करीब 12 बजकर 1 मिनट पर उसकी हालत अचानक ज्यादा गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
फरीदाबाद में जहरीली दवाई पीने से युवती की मौत:खांसी की दवाई समझकर पी चूहे मारने की दवा; एक ही जगह रखी थी
