जानकारी के अनुसार, बस कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सामी निवासी शिव कुमार तिवारी के पुत्र की बारात लेकर सामी से खेराई उमरी गई थी। रात में जब सभी बाराती विवाह कार्यक्रम में शामिल थे, तब बस एकांत स्थान पर खड़ी थी। बस में चालक और परिचालक वाहन में ही आराम कर रहे थे।अचानक बस के अंदर शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें उठती देख चालक और परिचालक ने तुरंत बस से कूदकर अपनी जान बचाई और शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को सूचना दी। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही पल में बस पूरी तरह जलने लगी। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि आसपास के लोगों और चालक से जानकारी ली। फिलहाल हादसे में किसी तरह की जनहानि न होने से राहत है, लेकिन बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बाराती बस में लगी आग, चालक व परिचालक ने कूदकर बचाई जान
