फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित मलेरना रोड पर एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सामने से मारुति स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्विफ्ट कार सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में स्विफ्ट कार में सवार एक महिला सहित कई लोग घायल हो गए। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पीछे से मारी टक्कर बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी के कुलदीप ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के छाता क्षेत्र में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। मलेरना रोड पर अचानक तेज रफ्तार में आ रही ब्रेजा कार ने उनकी स्विफ्ट कार को सामने से टक्कर मार दी। तेज रफ्तार के कारण टक्कर लगते ही उनकी कार बेकाबू होकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी। हादसे में कार में सवार परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। बच्चे चला रहे थे ब्रेजा कार पीड़ित कुलदीप ने पुलिस को बताया कि ब्रेजा कार में तीन नाबालिग बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद बच्चे ब्रेजा कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने किसी तरह अपने परिवार के सदस्यों को कार से बाहर निकाला। कुलदीप का आरोप है कि बच्चे तेज रफ्तार में कार चला रहे थे, जिससे वाहन बेकाबू होकर उनकी स्विफ्ट से टकरा गया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फरार बच्चों और ब्रेजा कार के मालिक की पहचान की जा रही है।
फरीदाबाद में गाड़ी ने स्विफ्ट को मारी टक्कर:कई लोग घायल, बेकाबू होकर झाड़ियों में गिरी; यूपी जा रहा था परिवार
