करनाल में कार ने 5 साल के बच्चे को कुचला:मौके पर मौत, सड़क किनारे खेल रहा था, दो बहनों का इकलौता भाई

Spread the love

करनाल के नूरमहल चौक के नजदीक शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा सड़क किनारे खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल मोर्चरी हाउस भेज दिया। हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान मंगल के रूप में हुई है। बच्चे का पिता सागर मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करनाल के 32 सेक्टर की झुग्गियों में रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा झुग्गी बस्ती के पास सड़क किनारे खेल रहा था। इसी दौरान नूरमहल चौक की ओर से तेज रफ्तार कार आई और बच्चे को कुचलते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाली स्थिति हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। लोगों में गुस्सा देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक बच्चा मंगल अपने घर का इकलौता चिराग था। इससे पहले भी उसके एक भाई की हादसे में मौत हो चुकी थी। उस घटना के बाद से मंगल ही पूरे परिवार का एकमात्र सहारा था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। परिवार में मातम पसरा है और झुग्गी बस्ती में शोक का माहौल है। अपना आशियाना टीम ने जताया रोष, सख्त कार्रवाई की मांग अपना आशियाना आश्रम टीम के इंचार्ज राजकुमार अरोडा ने घटना पर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि रईसजादे सड़कों पर गफलतबाजी और लापरवाही से वाहन चलाते हैं और किसी को भी रौंदकर चले जाते हैं। इसके लिए उनके मां-बाप भी जिम्मेदार हैं, जो अपने बच्चों को महंगी और तेज रफ्तार गाड़ियां दे देते हैं। उन्होंने कहा कि आज इसी लापरवाही का खामियाजा एक गरीब परिवार को भुगतना पड़ा है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त एक्शन होना चाहिए। अपना आशियाना की अनु मदान ने बताया कि मंगल दो बहनों का इकलौता भाई था। परिवार में पहले दो बेटे थे। कुछ साल पहले एक बेटे को किसी ने जिंदा ही धरती में गाड़ दिया था, जिसका मामला कोर्ट में चल रहा है। अब दूसरा बच्चा भी इस दुनिया में नहीं रहा। उन्होंने पुलिस से मांग की कि आरोपी कार ड्राइवर को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए।