फरीदाबाद में 5 साल के बच्चे की मौत:खेलते समय लोहे का गेट ऊपर गिरा, बुआ के पास गया था

Spread the love

फरीदाबाद के सेक्टर-37 इलाके में कनिष्का टावर के पास खेल रहे एक 5 वर्षीय बच्चे की लोहे का भारी गेट गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने परिवार के साथ पास की झुग्गियों में रहता था। रविवार शाम वह अपनी बुआ के पास आया हुआ था, जो कनिष्का टावर के पास चाय का ठेला लगाती हैं। इसी दौरान बच्चा अन्य बच्चों के साथ पास ही एक खाली प्लॉट के गेट के पास खेलने लगा। गेट पर झूलते समय हुआ हादसा बताया जा रहा है कि प्लॉट में मिट्टी भराई का काम चल रहा था, जिससे लोहे का गेट पहले से ही कमजोर और असंतुलित हो चुका था। खेलते समय बच्चे गेट पर झूलने लगे, तभी अचानक भारी गेट उखड़कर नीचे गिर गया और बच्चा उसकी चपेट में आ गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम मच गया। पुलिस को नही मिली शिकायत सराय ख्वाजा थाना प्रभारी राकेश का कहना है मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल किसी की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मौके पर टीम भेजकर हालात की जांच की जा रही है।