झारखंड की राजनीति ने एक नायक खोया, श्राद्ध कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

गोड्डा के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और श्रम मंत्री संजय यादव ने कार्यक्रम में शिरकत कर स्व. रामदास सोरेन को पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें झारखंड की राजनीति की एक अनमोल थाती बताया। तीनों नेताओं ने उनके संघर्षशील जीवन, समाज सेवा और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भावुक होकर कहा, “मैंने न सिर्फ एक साथी विधायक, बल्कि कोल्हान का सबसे बड़ा नेता खो दिया है। रामदास जी जैसा सरल, दृढ़ और लोगों के लिए समर्पित नेता दोबारा नहीं मिलेगा।”

वहीं श्रम मंत्री संजय यादव ने कहा, “रामदास सोरेन जी की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। वे सिर्फ नेता नहीं, एक विचार थे। उनका जीवन, उनकी सोच और उनकी सेवा भावना हमेशा हमें प्रेरणा देती रहेगी।”

पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने स्व. सोरेन के तीनों पुत्रों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा, “अब अपने पिता की विरासत को तुम्हें संभालना है। मजबूत बनो और समाज की सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाओ। आज पूरा झारखंड तुम्हारे साथ खड़ा है।”

श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल हर शख्स की आंखें नम थीं। मौन श्रद्धांजलि और पुष्प अर्पित कर सभी ने इस महान नेता को अंतिम विदाई दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम जनता की भारी भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया कि रामदास सोरेन सिर्फ एक नाम नहीं, एक भावना थे, जो हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।