टीएसएच में 12 से 22 अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले गुरुवार को निर्धारित थे, लेकिन लगातार रुक-रुक कर हुई बारिश ने खेल को बीच में रोक दिया।
सुबह नौ बजे पहला सेमीफाइनल सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल और मेथोडिस्ट हाई स्कूल के बीच शुरू हुआ। टॉस जीतकर मेथोडिस्ट ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और 10.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 113 रन बना लिए थे। तभी बारिश शुरू हो गई और मैदान गीला होने से खेल आगे नहीं हो सका। दिन में कई बार बारिश रुकने के बावजूद ग्राउंड तैयार न हो पाने के कारण मैच को रद्द करना पड़ा। इसी कारण दोपहर 1 बजे डीपीएस आज़ाद नगर और डीपीएस कल्याणपुर के बीच होने वाला दूसरा सेमीफाइनल भी नहीं खेला जा सका।
टीएसएच निदेशक प्रणीत अग्रवाल ने बताया कि अब दोनों सेमीफाइनल मुकाबले शुक्रवार की सुबह खेले जाएंगे और उसी दिन शाम पांच बजे फाइनल मैच का आयोजन किया जाएगा। सभी मुकाबले टीएसएच पालिका ग्राउंड पर होंगे। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि टीम इंडिया के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव होंगे।
