महिला टीचर, 8 महीने के बच्चे की एक्सीडेंट में मौत:कौशांबी में पति-बेटी तड़पते रहे, एंबुलेंस की टक्कर से ईंट के ढेर में घुसी कार

Spread the love

कौशांबी में कार-एंबुलेंस की टक्कर में सरकारी महिला टीचर और उनके 8 महीने के बेटे की मौत हो गई। पति और बेटी बुरी तरह घायल हो गए। पूरा परिवार कार से प्रतापगढ़ आ रहा था। तभी रॉन्ग साइड से आ रही एंबुलेंस ने कार में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सड़क किनारे रखे ईंट के ढेर से जा टकराई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीयों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज के SRN अस्पताल रेफर कर दिया। हादसा सोमवार दोपहर महेवाघाट थाना क्षेत्र के सरसवां स्वास्थ्य केंद्र के पास हुआ। अब पूरी घटना विस्तार से… प्रतापगढ़ के जैसवां कुंडा बिहरिया गांव की रहने वाली सायना फारूकी (38) और उनके 8 महीने के बेटे अब्बास फारुखी की सड़क हादसे में मौत हो गई। सायना चित्रकूट के राजापुर स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में टीचर थीं। वह सोमवार को स्कूल का काम पूरा करने के बाद परिवार के साथ प्रतापगढ़ लौट रही थीं। कार में सायना के अलावा उनके पति फैजल (40), बेटी मनाल और 8 माह का बेटा अब्बास सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि रॉन्ग साइड से आ रही एम्बुलेंस से टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ईंटों के चट्टे से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, कार का एयरबैग खुल जाने से पति फैजल और आगे बैठी बेटी मनाल की जान बच गई। वह दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।सायना कार की पिछली सीट पर 8 माह के बेटे अब्बास को गोद में लेकर बैठी हुई थीं। पति और बेटी का इलाज चल रहा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। फैजल और मनाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाने के बाद मृतक और घायलों के परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस और कार को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। CO जनेश्वर प्रसाद पांडेय ने बताया- महेवाघाट में एंबुलेंस और कार की टक्कर में 4 लोग घायल हुए थे। सभी को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि दो घायलों को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर किया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। —————————— ये खबर भी पढ़िए… सीतापुर में 21 साल पुराना सपा ऑफिस ढहाया:तड़के 4 बजे बुलडोजर लेकर पहुंची टीम, मुलायम सरकार में पट्टा दिया था यूपी के सीतापुर में सरकारी जमीन पर बने सपा कार्यालय को सोमवार तड़के बुलडोजर से ढहा दिया। जिला प्रशासन सुबह 4 बजे 5 थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचा। 4 बुलडोजरों ने 2 घंटे में कार्यालय को जमींदोज कर दिया। मलबा भी हटा दिया गया। इस दौरान 25 पुलिसकर्मी और 50 पीएसी जवान तैनात रहे। सपा कार्यालय 21 साल पहले 2500 स्क्वायर फीट जमीन पर बनाया गया था। पूरी खबर पढ़ें…