दूल्हे की मां-बहन, 2 भाभियों समेत 6 की मौत:बदायूं में शादी का शगुन देने जा रही थीं, रेस लगा रहे ट्रैक्टर ने रौंदा

Spread the love

यूपी के बदायूं में बुधवार दोपहर सड़क हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई। इनमें दूल्हे की मां, उसकी बहन, 2 भाभियां और एक पड़ोसी महिला शामिल हैं। हादसे में 3 लोग घायल भी हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बरेली-मथुरा हाईवे पर 2 ट्रैक्टर रेस लगा रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी और उसे रौंदते हुए निकल गया। महिलाएं ट्रैक्टर के पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। करीब 10 फीट के दायरे में महिलाओं के शव सड़क पर बिखर गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान राजकुमारी (50), उनकी बेटी नारायणी (30), उनकी जेठानी रेवती (80), बहू गंगाश्री (30), सरला (32) और गांव की रहने वाली प्रेमावती (32) के रूप में हुई है। राजकुमारी के बेटे की 29 जून को शादी है। वह शगुन देने अपने मायके जा रही थीं। ई-रिक्शा पर 9 लोग सवार थे मुरावन नगला गांव में रहने वाले डालचंद्र के बेटे कुंवरपाल की 29 जून को शादी है। डालचंद्र की पत्नी राजकुमारी का मायका गठौना गांव में है। शादी से पहले भात मांगने महिलाओं को गठौना गांव जाना था। इसके लिए उन्होंने गांव में ही रहने वाले सन्नी का ई-रिक्शा बुक किया। सन्नी ई-रिक्शे में 6 महिलाओं समेत कुल 8 लोगों को बैठाकर रवाना हुआ। बरेली-आगरा हाईवे इस समय बन रहा है। इसके चलते सिर्फ एक ही लेन चालू है। कासगंज से 2 ट्रैक्टर उझानी की मंडी समिति में मक्का लादकर आए थे। मक्का बेचकर वापस जाते समय दोनों आपस में रेस लगा रहे थे। ई-रिक्शा भी इसी लेन से जा रहा था। ई-रिक्शा पहले ट्रैक्टर से टकराने से बच गया, जबकि दूसरे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गए। वहीं, हादसे में 5 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। 1 महिला की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में 2 की हालत गंभीर, दोनों ट्रैक्टर चालक पकड़े गए
सूचना मिलते ही डीएम अवनीश राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। 3 घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। इनमें से 2 की हालत गंभीर है। दोनों चालकों को ट्रैक्टर के साथ पकड़ लिया गया है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….