चाइनीज मांझे से मंत्री के भतीजे की गर्दन कटी:बरेली में हालत नाजुक देख मंत्री भड़के, बोले- बैन के बाद कैसे बिक रहा

Spread the love

बरेली में चाइनीज मांझे से गन्ना राज्यमंत्री के 15 साल के भतीजे की गर्दन कट गई। वह स्कूटी से घर जा रहा था। फ्लाईओवर पर अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन से लिपट गया। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक गर्दन का काफी हिस्सा कट गया। आदित्य वीर सिंह गंगवार स्कूटी के साथ सड़क पर गिर गया। पूरा शरीर खून से लथपथ हो गया। आसपास के लोग उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले गए। परिवार को सूचना दी गई। घटना सोमवार सुबह 6 बजे हुई। सूचना मिलते ही मंत्री अस्पताल पहुंचे और भतीजे की हालत देखकर भड़क गए। कहा- प्रतिबंध के बावजूद मांझा कैसे बिक रहा? डीएम-एसएसपी दोनों को बुलाकर बात करूंगा। आदित्य वीर सिंह के पिता अजय सिंह गंगवार पीलीभीत के ललौरी खेड़ा ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख हैं। मां सीमा गंगवार बरेली में रेलवे में अफसर हैं। जबकि गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार चाचा हैं। आदित्य परिवार में इकलौता बेटा है। एक छोटी बहन है। हादसा बरेली शहर में बीचों-बीच श्यामगंज फ्लाईओवर पर हुआ। स्टेडियम जाते वक्त हुआ हादसा आदित्यवीर का परिवार मूलरूप से पीलीभीत का रहने वाला है। हालांकि, बरेली के प्रेमनगर में भी उनका घर है। आदित्यवीर कक्षा 9 में पढ़ता है। आदित्य का ईशान अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत अभी चिंताजनक है। अस्पताल पहुंचे मंत्री संजय गंगवार ने कहा- मेरा भतीजा आदित्य वीर सुबह घर से स्टेडियम जा रहा था। रास्ते में चाइनीज मांझे से उसका गला आगे से पीछे तक कट गया। उसकी एक उंगली भी पूरी तरह कट गई है। अभी वह ओटी में था। मैं देखकर आया हूं, उसकी हालत अभी नाजुक है। मंत्री बोले- प्रतिबंध के बाद भी बिक्री होना गंभीर मंत्री ने कहा- चाइनीज मांझे पर सरकार प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके बावजूद बाजार में इसकी बिक्री होना गंभीर है। डीएम-एसएसपी दोनों को बुलाकर बात करूंगा। चाइनीज मांझे की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। यह भी पता लगाया जाए कि बाजार में इसकी आपूर्ति कैसे हो रही है। डॉक्टर बोले- गर्दन की नसें कटीं, ऑपरेशन में 3 घंटे लगे ईशान हॉस्पिटल के डॉक्टर कौशल कुमार ने बताया- चाइनीज मांझे से आदित्य का ऊपरी होंठ, दाहिना गाल और गर्दन पर गहरे घाव हो गए थे। कान भी कट गया था और बाएं हाथ की एक उंगली भी कटकर लटक गई थी।मांझे से गर्दन की नसें कटने के कारण काफी रक्तस्राव हुआ। उन्होंने बताया- आदित्यवीर बुरी तरह घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचा। तुरंत ऑपरेशन किया गया। इसमें साढ़े तीन घंटे लगे। जरूरत पड़ने पर ब्लड चढ़ाया जाएगा। पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी 3-4 हफ्ते का समय लग सकता है। फिलहाल बच्चे की जान सुरक्षित है। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा- चाइनीज मांझे के खिलाफ पहले भी अभियान चलाया गया है। इस दौरान मांझा बनाने और बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां भी हुई थीं। एक बार फिर जिलेभर में अभियान चलाया जाएगा। जो लोग इस तरह का खतरनाक मांझा स्टोर कर रहे हैं या उसकी बिक्री कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
बरेली समेत प्रदेश के कई जिलों में चाइनीज मांझे की वजह से लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद इसकी बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग सकी है। ताजा घटना के बाद एक बार फिर प्रशासन की कार्रवाई और प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल उठने लगे हैं। योगी ने कहा था- चाइनीज मांझे से मौत अब हत्या मानी जाएगी 5 फरवरी को सीएम ने कहा था- अब अगर चाइनीज मांझे से किसी की जान जाती है तो हत्या का केस दर्ज कर जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा। चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है। इसकी बिक्री और इस्तेमाल किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। योगी ने पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिया था कि इस अवैध नेटवर्क की पहचान करें। तत्काल छापेमारी कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। चाइनीज मांझे से इस साल हुईं 2 बड़ी घटनाओं को पढ़िए- 1. लखनऊ में चलती बाइक पर एमआर का गला कटा
4 फरवरी को लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने की वजह से एमआर की मौत हो गई थी। वह बाइक से जा रहे थे। तभी उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। खून से लथपथ होकर वह बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब (33) के रूप में हुई। घटना दोपहर करीब 2 बजे की खाला बाजार थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज की है। पढ़ें पूरी खबर 2. डॉक्टर की गर्दन कट गई थी, बीच सड़क तड़पकर मौत
14 जनवरी को जौनपुर में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से एक डॉक्टर की मौत हो गई थी। वह बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी गर्दन में चाइनीज मांझा फंस गया और गर्दन कटती चली गई। मांझे की धार इतनी तेज थी कि उनकी गले की हड्‌डी तक कट गई थी। हादसा बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के प्रसाद चौराहे पर हुआ था। मृतक की पहचान केराकत निवासी डॉक्टर समीर हाशमी (28) के रूप में हुई थी। पढ़ें पूरी खबर पिछले साल चाइनीज मांझे से 6 की जान गई थी यूपी में बैन है चाइनीज मांझा यूपी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बाद भी इसकी बिक्री हो रही है। भारत में सामान्य धागे से पतंग की डोर तैयार होती है, लेकिन चीन में नायलॉन के साथ मेटलिक पाउडर का उपयोग होता है। इसमें कांच और लोहे के चूरे को भी मिलाया जाता है ताकि धार और तेज हो। नायलॉन के धागे के कारण पेच लड़ने पर खिंचाव बढ़ता है और चाइनीज मांझा कटता नहीं है। कांच और लोहे का चूर्ण मिला यह मांझा गला रेतने के लिए पर्याप्त होता है। —————– ये खबर भी पढ़ें- साधु का हत्यारोपी इसराइल एनकाउंटर में ढेर:उन्नाव में लाउडस्पीकर से भजन बजाने पर की थी हत्या, 1 लाख का इनामी था
उन्नाव में साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास सिंह (45) हत्याकांड का मुख्य आरोपी इसराइल एनकाउंटर में ढेर हो गया। SP जयप्रकाश सिंह ने बताया कि इसराइल ने 9 जून को 4 साथियों के साथ मिलकर बाबा मिलन की हत्या की थी। पढ़ें पूूरी खबर