फतेहपुर में बहन की हत्या कर चौकी पहुंचा भाई:बोला- मारकर कुएं में फेंक दिया, डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी, अफेयर का शक था

Spread the love

फतेहपुर में अफेयर के शक में भाई ने बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद लाश जंगल में बने एक कुएं में फेंक दी। रात भर भाई जंगल में ही रहा। फिर सुबह 7 बजे खुद ही पुलिस चौकी जा पहुंचा और बोला- मैंने अपनी बहन को मार डाला है। फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से लाश निकाली। 1 मई को ही लड़की की शादी हुई थी। युवक को शक था कि शादी के बाद भी बहन अपने प्रेमी से बात करती है। वह 2 दिन पहले अहमदाबाद से फतेहपुर पहुंचा था। मामला थरियांव थाना क्षेत्र का है। अब विस्तार से पढ़िए मामला… हसवा कस्बे के धनवा गांव के रहने वाले शिव सिंह यादव मजदूरी करते हैं। परिवार में 3 बेटे और 3 बेटियां हैं। रंजू यादव (19) की शादी 1 मई को सोनई बड़नपुर के रहने वाले पिंटू उर्फ अजय यादव से हुई थी। रंजू दूसरे समुदाय के एक युवक से बात करती थी। यह बात परिवारवालों को भी पता चल गई थी। इसी के चलते घरवालों ने जल्दी ही रिश्ता देखकर रंजू की शादी करवा दी। रंजू भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी, जबकि संदीप (22) दूसरे नंबर का है। संदीप अहमदाबाद में रहकर एक फैक्ट्री में काम करता है। बहन की शादी होने के बाद वह फिर से काम पर अहमदाबाद चला गया था। 2 दिन पहले अहमदाबाद से लौटा था संदीप को शक हुआ कि बहन अभी भी अपने प्रेमी से बात करती है। वह दोबारा उसके साथ जाने की प्लानिंग कर रही है। इसका पता चलते ही 2 दिन पहले संदीप अहमदाबाद से घर आने के लिए निकला। लेकिन, घर न जाकर वो सीधा बहन की ससुराल सोनई गांव पहुंच गया। वहां उसने बहन को मायके ले जाने की बात कही। बाइक से बहन को लेकर निकला था 12 जून (शुक्रवार) की शाम संदीप बहन को बाइक से लेकर घर के लिए निकला। रास्ते में उसने फिर से रंजू को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बहस करने लगी। वह अपनी ससुराल जाने को भी तैयार नहीं थी। इस पर संदीप ने गांव से 800 मीटर दूर जंगल में बाइक रोकी। वहां गला घोंटकर रंजू की हत्या कर दी। इसके बाद लाश को वहीं पर एक कुएं में फेंक दिया और रात भर वहीं रुका रहा। सुबह पैदल चलकर चौकी पहुंचा भाई सुबह करीब 7 बजे संदीप वहां से निकला और डेढ़ किमी दूर हसवा पुलिस चौकी तक पैदल गया। वहां एक सिपाही ड्यूटी पर था। संदीप ने कहा कि बड़े साहब कहां हैं? मुझे उनसे बहुत जरूरी बात करनी है। सिपाही ने कहा कि साहब अभी तैयार हो रहे हैं इसलिए बाद में आना। इस पर संदीप बोला- मैंने अपनी बहन की हत्या कर दी है। ससुराल पक्ष की तरफ से कोई नहीं पहुंचा हत्या की बात सुनते ही सिपाही ने चौकी प्रभारी को बुलाया। इसके बाद थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की। वहीं, ससुराल पक्ष की तरफ से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। शादी के बाद बहन मायके से गायब हो गई थी
बताया जा रहा है कि शादी के बाद एक बार रंजू मायके आई थी। तब वह अपने प्रेमी के साथ घर से भाग गई थी। पिता की शिकायत पर दोनों को ढूंढा गया था, लेकिन परिजन ने कोई कार्रवाई नहीं करने की बात कही थी। भाई संदीप को चिंता थी कि कहीं फिर से बहन भाग न जाए। बताया जा रहा है कि प्रेमी ने भी पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था कि उसकी और प्रेमिका की जान का खतरा है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हसवा चौकी में एक युवक आया था। उसने अपनी बहन की हत्या की बात कही। पुलिस ने घरवालों से संपर्क करते हुए घटनास्थल से शव बरामद कर लिया। युवक को अंदेशा था कि बहन दोबारा अपने प्रेमी के साथ भाग सकती है। युवक खुद चौकी पर आया था और वो पुलिस की हिरासत में है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। युवती के घरवालों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। ———————– यह खबर भी पढ़ें… थाने में बेटी की हत्या, लव-मैरिज से नाराज था पिता:बांदा में समझाया था- दूसरी जाति का लड़का है, बदनामी होगी बांदा में एक पिता ने अपनी 19 साल की बेटी की थाने के अंदर चाकू मारकर हत्या कर दी। वह बेटी के लव मैरिज करने से नाराज था। बेटी ने 18 मई को मोहल्ले के ही रहने वाले एक लड़के के साथ भागकर शादी कर ली थी। पुलिस शुक्रवार को लड़की और उसके प्रेमी को मध्यप्रदेश से बरामद कर थाने लाई थी। मां-बाप को भी थाने बुलाया गया था। पढ़ें पूरी खबर…