बृजभूषण सिंह बोले- सच बोला तो परेशानी में पड़ जाऊंगा:मैं बहुत कमजोर आदमी; राम मंदिर के महासचिव को हटाना मेरा काम नहीं

Spread the love

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के दावे पर भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बुधवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, मैं बहुत कमजोर आदमी हूं। अगर मैं सच बोल दूंगा तो बहुत परेशानी में पड़ जाऊंगा। क्योंकि वे बहुत बड़े लोग हैं। सच बोलने की हिम्मत अभी हमारे अंदर नहीं है। कभी समय आएगा तो बोलेंगे। बृजभूषण किसे ‘बड़े लोग’ बता रहे थे, इसका उन्होंने खुलासा नहीं किया। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय को हटाने की मांग पर बृजभूषण ने कहा- यह हमारा विषय नहीं है। पूर्व सांसद गोंडा में अपने विश्नोहरपुर गांव में मीडिया से बात कर रहे थे। 10 दिन दिल्ली में रहने के बाद अपने गांव पहुंचे थे। बृजभूषण सिंह ने गोस्वामी तुलसीदास की चौपाई “जिमि दसनन महुं जीभ बिचारी, सुनहु पवनसुत रहनि हमारी” का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये चौपाई विभीषणजी ने बजरंगबली से कही थी। महिला पहलवानों के आरोपों पर बोले- रायते को समेट रहा हूं
दिल्ली में इतने लंबे समय तक रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि 2023 में कुछ विश्व चैंपियन महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों से उपजे विवाद को सुलझाने में लगे हुआ था। जो रायता फैलाया गया था, उसी को समेटने में लगा हूं। नीट पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान का किया बचाव
नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि किसी मंत्री के इस्तीफा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। पेपर लीक के पीछे एक पूरा सिस्टम काम करता है, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका होती है। उन्होंने कहा- क्या धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने से कोई गारंटी ले सकता है कि आगे पेपर लीक नहीं होगा? मंत्री हर जगह जाकर निगरानी नहीं कर सकता। जब तक अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह व्यवस्था नहीं सुधरेगी। बृजभूषण ने कहा कि पहली बार बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई होती दिखाई दे रही है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस पूरे सिस्टम को तोड़ने का काम करेगी। यह देश का दुर्भाग्य कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयानों पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने कहा- यह देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। जब तक वे गलत बयानबाजी करते रहेंगे और गंभीर राजनीति नहीं करेंगे, तब तक भाजपा के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है। ——————————————— ये खबर भी पढ़ेंः- नौकरी जॉइन करने से 2 दिन पहले पति की हत्या:5 साल का अफेयर, 4 महीने पहले शादी; पत्नी बोली- भाई मुझे भी मारना चाहता था

‘शादी के बाद हम दोनों काफी खुश थे, लेकिन घर वाले नाराज थे। भाई और मामा हमें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। इसलिए हमने घर छोड़ दिया। मुजफ्फरनगर में एक रिश्तेदार के घर रहने लगे। पति कहते थे- सब सही हो जाएगा। उसकी SSF में नौकरी लग गई थी। आज (11 जून) ज्वाइनिंग थी, लेकिन उन लोगों ने पहले ही उसकी जिंदगी छीन ली।’ ये बातें पुलिस भर्ती परीक्षा देने सहारनपुर आई आकांक्षा ने रोते हुए कहीं। जिनके पति शिवकुमार की मंगलवार को परीक्षा केंद्र से 500 मीटर दूर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आकांक्षा ने अपने भाई, पिता, मामा और रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…