– डेढ़ क्विंटल पंजीरी का भोग, 50 किलो पंचामृत से होगा अभिषेक; रामलला को अर्पित होगा 56 भोग
अयोध्या, 16 अगस्त । श्री राम जन्मभूमि परिसर में कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी धूमधाम से चल रही है। आज की मध्य रात्रि में रामलला के गर्भगृह के सामने भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। शनिवार सुबह से ही मंदिर को फूलों और रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा है । आज रामलला का विशेष श्रृंगार हो रहा और उन्हें पीत वस्त्र धारण करा मस्तक पर सोने का मुकुट पहनाया जाएगा। मंदिर में मध्यरात्रि 12 बजे कान्हा के जन्म पर बधाईयाँ और सोहर गान होगा और पंजीरी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। भाद्रपद कृष्ण अष्टमी को जब ब्रज क्षेत्र सहित पूरा देश भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के उल्लास में डूबा होगा, तब रामजन्मभूमि परिसर में भी उत्सव मन रहा है। राम नगरी में हर्ष का वातावरण हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया कि आज के अवसर पर रामलला का 50 किलो पंचामृत से भव्य अभिषेक भी होगा। रामलला के गर्भगृह में भव्य झांकी सजाई जाएगी। पूरे मंदिर परिसर की भव्य लाइटिंग भी होगी। डेढ़ क्विंटल पंजीरी के साथ 56 भोग अर्पित किया जाएगा और श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। रामलला की तर्ज पर ही श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की तैयारी चल रही है। वैष्णव परंपरा के मंदिरों में 16 अगस्त की मध्य रात्रि उत्सव का आयोजन किया जाएगा।
