इंदौर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने राजबाड़ा पर बड़ा धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई नेता, कार्यकर्ता, महिलाएं और अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे रहवासी शामिल हुए। राजबाड़ा “पानी दो”, “महापौर इस्तीफा दो” और “महापौर मुर्दाबाद” के नारों से गूंज उठा। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। वहीं राजबाड़ा और आसपास की इमारतों की छतों से भी पुलिस निगरानी करती रही। पटवारी बोले- कांग्रेस 3 दिन में पानी की रिपोर्ट पेश करेगी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महापौर, एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, विधायकों, सांसदों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक को घेरते हुए कहा कि इंदौर की जनता जहरीला पानी पीने को मजबूर है। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस तीन दिन में पानी की गुणवत्ता और जल संकट को लेकर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। पूर्व मंत्री बोले- मेयर ऐक्सिडेंटल महापौर धरने में शामिल हुए पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा ने महापौर पर जमकर निशाना साधते हुए उन्हें “ऐक्सिडेंटल महापौर” बताया। उन्होंने कहा कि शहर में जनता पानी के लिए परेशान है, लेकिन नगर निगम समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में खाली मटके, खाली पानी की बोतलें, तख्तियां और पोस्टर लेकर पहुंचीं। महिलाओं ने कहा कि पहले दूषित पानी दिया गया और अब पानी ही नहीं मिल रहा। कांग्रेस नेता रीना बोरसी सेतिया भी हाथ में खाली मटकी लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं। प्रदर्शन में शामिल लोगों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए पानी की बौछार की गई, वहीं प्रदर्शनकारी “पानी दो” के नारे लगाते रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शहर की कई कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों में लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। टैंकरों से भी जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है। बैनर और तख्तियां लेकर राजबाड़ा पहुंचीं महिलाएं धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। महिलाएं हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर राजबाड़ा पहुंचीं और पानी की समस्या को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नगर निगम और महापौर के खिलाफ नारेबाजी भी की। निगम मुख्यालय पर मटके फोड़े राजबाड़ा पर प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय की ओर बढ़े। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही नगर निगम कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर मुख्य गेट बंद कर दिया गया था। गेट बंद देख कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच धक्का-मुक्की और जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के बाहर कई मटके फोड़े और एक मटका बैरिकेड्स के पार नगर निगम गेट की ओर फेंक दिया। धरना-प्रदर्शन के चलते पुलिस ने खजुरी बाजार की ओर से आने वाले ट्रैफिक को गली मार्ग की तरफ डायवर्ट कर दिया था। प्रदर्शन के दौरान लगातार अलग-अलग क्षेत्रों से लोग समर्थन देने पहुंचते रहे। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि जल संकट का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। हालांकि बाद में प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों द्वारा मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। तस्वीरों में देखें कांग्रेस का प्रदर्शन… प्रदर्शन के पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
इंदौर में पानी संकट पर कांग्रेस का राजबाड़ा में धरना-प्रदर्शन:महिलाएं खाली मटके-बोतलें लेकर पहुंचीं, पटवारी बोले- जनता जहरीला पानी पी रही; नगर निगम गेट पर हंगामा
