यमुनानगर में हाईवे किनारे पेड़ से युवक ने लगाया फंदा:कैथल का रहने वाला, 3 बहनों का इकलौता भाई; हरिद्वार जाने की बोलकर निकला

Spread the love

यमुनानगर शहर में सहारनपुर-पंचकूला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टीगरा गांव के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर सदर यमुनानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। जांच के दौरान युवक की पहचान कैथल जिले के सीवन निवासी 22 वर्षीय विशाल पुत्र राम नारायण के रूप में हुई, जो एक गैस एजेंसी में कार्यरत था। पुलिस के अनुसार विशाल रविवार को अपने घर से हरिद्वार घूमने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन अगले दिन उसका शव यमुनानगर में पेड़ से लटका मिला। बताया जा रहा है कि विशाल तीन बहनों का इकलौता भाई था। आम के पेड़ पर लटका मिला शव सदर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि टीगरा गांव के निकट हाईवे किनारे एक आम के पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों को भी जांच के लिए बुलाया गया। मौके पर देखा गया कि युवक का शव परने से बने फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मौके की गहन जांच की और युवक की तलाशी ली। उसकी जेब से कुछ दस्तावेज बरामद हुए, जिनके आधार पर उसकी पहचान विशाल निवासी सीवन, जिला कैथल के रूप में हुई। जांच के दौरान उसकी बाइक भी हाईवे किनारे खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। परिजन बोले- घर पर सब सामान्य था शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भेजा गया। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन दोपहर तक यमुनानगर पहुंच गए। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं परिजनों के अनुसार घर में किसी प्रकार का विवाद या तनाव नहीं था और सब कुछ सामान्य चल रहा था। ऐसे में युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहे, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।