कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में रविवार को अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग केंद्र के बी-ब्लॉक के बेसमेंट में लगी, जहां सोलर ऊर्जा पैनलों से जुड़ी करीब 200 बैटरियां रखी हुई थीं। बैटरियों में अचानक आग भड़कने के बाद देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास रखा सामान भी उसकी चपेट में आ गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बैटरियों में होते रहे धमाके गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, उस दौरान केंद्र के अंदर कोई कर्मचारी या पर्यटक मौजूद नहीं था। रविवार होने के कारण केंद्र में पर्यटकों की आवाजाही नहीं थी। ऐसे में एक बड़ा हादसा टल गया। यदि उस समय बेसमेंट या भवन के अंदर लोग मौजूद होते तो जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले बेसमेंट से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि बेसमेंट में रखी 200 से अधिक बैटरियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इसके अलावा वहां लगे तीन एसी भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गए। बैटरियों में आग लगने के कारण लगातार धमाके जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी। आग लगने के कारणों की जांच शुरू फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट या बैटरियों में किसी तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना के बाद महाभारत अनुभव केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। बेसमेंट में बड़ी संख्या में बैटरियां रखी होने के बावजूद वहां अग्नि सुरक्षा के इंतजाम कितने प्रभावी थे, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल प्रशासन नुकसान के आकलन और आग के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन महाभारत अनुभव केंद्र करीब 206 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन पिछले वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। केंद्र में आधुनिक डिजिटल तकनीक, लाइट एंड साउंड शो तथा महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता से जुड़ी ऐतिहासिक और पौराणिक जानकारियों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाता है।
कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र में लगी आग:बेसमेंट में रखी 200 बैटरियां जलकर राख, तीन एसी भी जले
