हरियाणा के हिसार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के घर रविवार शाम आग लग गई। आग उनके ड्राइंग रूम में लगी। घटना के समय डॉ. गुप्ता का परिवार घर में ही मौजूद था। शाम करीब 4 बजे घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख परिवार में हड़कंप मच गया। सभी तेजी से भागे। पूर्व मंत्री ने बताया कि उनकी पत्नी और मां घर के दूसरे कमरे में थे, जिसके चलते वो अंदर ही फंस गए। आग तेजी से फैली और सीड़ियों तक पहुंच गई। उनके निकलने का रास्ता ही नहीं बचा। तब दोनों पड़ोसी की छत पर कूदकर नीचे उतरे। उधर, पड़ोसियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। संभावना जताई जा रही है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। ड्राइंग रूम में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जला आग लगने से ड्राइंग रूम में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस हादसे में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ, जो एक बड़ी राहत की बात है। दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पत्नी और मां पड़ोसी की छत से नीचे उतरे डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि घटना के समय वह, उनकी पत्नी और मां घर के दूसरे कमरे में थे। ड्राइंग रूम बंद था और आग अचानक लगी। उन्होंने तुरंत बाहर निकलते हुए अपनी पत्नी और मां को पड़ोसी की छत से सुरक्षित नीचे उतारा। मौके पर पुलिस और डायल-112 की टीम भी पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को ही वजह माना जा रहा है। 1996 में हिसार से पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था डा. कमल गुप्ता ने 1996 में हिसार से पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था। जिसमें सावित्री जिंदल से वह हार गए। इसके बाद वर्ष 2000 में भी उन्हें विस चुनाव में शिकस्त मिली। इसके बाद उन्होंने 2014 में तीसरी बार चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत दर्ज की। इसके बाद 2019 में भी हिसार की जनता उन्हें जिताया। 2015 में दो वर्ष के लिए उन्हें सीपीएस बनाया गया मगर हाईकोर्ट से सीपीएस हटाने के आदेश के बाद वह पदमुक्त हो गए।
हरियाणा के पूर्व मंत्री के घर आग लगी, VIDEO:मां-पत्नी पड़ोसी की छत पर कूदकर बचे, ड्राइंग रूम पूरा जला; शॉर्ट सर्किट से लगी
