भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले का सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया है। सोमवार को चीफ जस्टिस (CJI) की बेंच इस केस की सुनवाई करेगी। ट्विशा का पति समर्थ पुलिस हिरासत में है। शनिवार को उसे भोपाल जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने समर्थ की 7 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की है। साथ ही उसका पासपोर्ट जब्त करने के आदेश दिए हैं। रविवार को ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम होगा। इसके लिए AIIMS की टीम शनिवार रात भोपाल पहुंच गई। 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स में ट्विशा की संदिग्ध मौत हुई थी। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया था, जबकि मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। भोपाल कोर्ट में सास गिरिबाला की जमानत निरस्त करने के लिए आवेदन दायर किया गया है। इस पर सोमवार को सुनवाई होगी। CM मोहन यादव ने मामले की जांच CBI से कराने पर सहमति दे दी है। दिल्ली एम्स से डॉक्टरों की टीम भोपाल पहुंची ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम रविवार को होगा। इसके लिए AIIMS दिल्ली ने चार वरिष्ठ डॉक्टरों की मेडिकल टीम बनाई है। यह टीम आधुनिक उपकरणों के साथ आज रात तक भोपाल पहुंच गई है। ट्विशा का मेकअप कराते आखिरी VIDEO आया इधर, ट्विशा शर्मा के आखिरी मेकअप का CCTV फुटेज भी सामने आया है। इसमें वह ससुराल के पास स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होती नजर आ रही है। वीडियो में वह सामान्य और रिलैक्स दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है। ब्यूटी पार्लर ट्विशा के ससुराल से करीब 100 मीटर दूर बताया गया है। जहां शव मिला, वहां की तस्वीर आई भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ट्विशा के घर के उस हिस्से की तस्वीर भी सामने आई है, जहां उसका शव मिला था। जांच में यह भी सामने आया कि ट्विशा ने 12 मई को सुबह 9:52 बजे भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में रिजर्वेशन कराया था। वह 15 मई को अजमेर जाने वाली थी, जहां उसके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। समर्थ के वकील बोले- रिमांड खत्म होने पर बेल के लिए अप्लाई करेंगे ट्विशा की सास और पति के कानूनी वकील, एडवोकेट ज्ञानेंद्र शर्मा ने कहा- पुलिस ने जांच के लिए 7 दिन की रिमांड मांगी थी। कोर्ट ने रिमांड दे दी। हमने इसका विरोध किया था, क्योंकि बरामद करने के लिए कुछ नहीं है। इसके बावजूद, कोर्ट ने रिमांड दे दी। हमें कोई आपत्ति नहीं है। पहले रिमांड का समय खत्म हो जाए, फिर हम बेल के लिए अप्लाई करेंगे। समर्थ सिंह का लाइसेंस सस्पेंड, भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था आरोपी पति समर्थ सिंह ने शुक्रवार को जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया। यहां मौजूद भोपाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मीडिया ने उससे बात करने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ नहीं बोला। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह आदेश BCI चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने दिए। फरारी के दौरान समर्थ ने अपना हुलिया भी बदल लिया था। वह हल्की दाढ़ी, कैप, मास्क और कैजुअल कपड़ों में दिखा। जीजा का दावा- गिरफ्तारी स्क्रिप्टेड थी ट्विशा के जीजा सौरभ शर्मा ने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह की गिरफ्तारी स्क्रिप्टेड थी। उनका कहना है कि इनाम और लुकआउट नोटिस जारी होने के बावजूद समर्थ भोपाल से जबलपुर सड़क मार्ग से पहुंच गया और कोर्ट रूम में मास्क लगाकर बैठा रहा। सौरभ के मुताबिक उनके वकील ने समर्थ को पहचान लिया, जिसके बाद हंगामा हुआ और फिर गिरफ्तारी हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि कोर्ट में मौजूद भोपाल पुलिस को आरोपी पहले क्यों नहीं दिखा। सौरभ ने कटारा हिल्स थाना प्रभारी और स्टाफ पर बदसलूकी का भी आरोप लगाया। आरोपियों के संपर्क में रहने वालों को SIT से हटाने की मांग ट्विशा के परिजनों के वकील अंकुर शर्मा ने कहा- 15 तारीख को FIR दर्ज हुई थी। इसके बाद कटारा थाना प्रभारी और कुछ अन्य लोग आरोपियों के संपर्क में थे। ऐसे लोगों को SIT से हटाने वे कमिश्नर को पत्र लिखेंगे। जांच टीम से हटाकर जांच के दायरे में लेने की मांग करेंगे। साथ ही यह भी पूछा जाए कि वे आरोपियों के संपर्क में क्यों थे। वहीं, परिवार का कहना है कि कटारा थाना प्रभारी की बातचीत और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। अगर जांच में किसी की मिलीभगत सामने आती है, तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। परिवार ने निष्पक्ष जांच और दोष साबित होने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। गिरिबाला घर से निकलीं, मीडिया के सवाल पर वकील नाराज, देखिए तस्वीरें… मैट्रिमोनियल साइट से हुई थी ट्विशा और समर्थ की मुलाकात ट्विशा और समर्थ की मुलाकात मैट्रिमोनियल साइट के जरिए जनवरी 2025 में हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे के नंबर एक्सचेंज किए। इसके बाद फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। अक्टूबर 2025 में समर्थ की मां गिरिबाला सिंह भोपाल में पहली बार ट्विशा से मिलीं। इसके बाद गिरिबाला सिंह, ट्विशा के दिल्ली स्थित घर पहुंचीं और दोनों का रिश्ता तय किया गया। 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में दोनों का विवाह हुआ। शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई 2026 को ससुराल में ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सास और पति ने पुलिस को बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। विवाह के महीने भर बाद ही होने लगे थे विवाद शादी के महज एक महीने बाद ही ट्विशा और समर्थ के बीच विवाद शुरू हो गए थे। ट्विशा की भाभी का आरोप है कि इंटरकास्ट मैरिज होने के कारण उसे लगातार नीचा दिखाने की कोशिश की जाती थी। इसी वजह से ट्विशा कई बार अपना पक्ष मजबूती से रखती थी। परिजन के मुताबिक, ट्विशा ससुराल में होने वाली प्रताड़ना की जानकारी कॉल और चैट के जरिए परिवार को देती रहती थी। परिवार उसका घर बचाना चाहता था, इसलिए हर बार उसे समझाइश देकर धैर्य रखने की सलाह दी जाती थी। ————————– मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा केस में अब तक क्या-क्या हुआ भोपाल के ट्विशा शर्मा मौत मामले में पुलिस ने उसके पति समर्थ शर्मा को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। घटना के 10 दिन बाद भी ट्विशा के शव का न तो अंतिम संस्कार हो सका है और न ही दोबारा पोस्टमॉर्टम किया जा सका है। समर्थ के गिरफ्तार होने के बाद अब जल्द ही पुलिस कोई खुलासा कर सकती है। पढ़ें पूरी खबर…
एक्ट्रेस ट्विशा की मौत का सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान लिया:CJI की बेंच सोमवार को सुनवाई करेगी; दिल्ली AIIMS की टीम कल दोबारा पोस्टमॉर्टम करेगी
