हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। प्राइवेट स्कूल के साथ बन रही निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक स्कूल की छत पर गिर गई। दीवार गिरने से स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी। इससे वहां पढ़ाई कर रहे बच्चे छत के मलबे के नीचे दब गए। हादसा होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ ने तुरंत बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। किसी तरह मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन 4 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 6 बच्चों को भी चोटें आई हैं। इसके बाद सभी घायल 10 बच्चों को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर जाया गया। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी पहले स्कूल और फिर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, हादसे के बाद स्कूल को भी तुरंत खाली करा दिया गया। पुलिस ने उस मकान का भी निरीक्षण किया, जिसकी दीवार टूटकर गिरी। पता किया जा रहा है कि मकान का निर्माण नियमानुसार हो रहा था या नहीं। यहां जानिए कैसे हुआ हादसा…. बच्चों को ले जाया गया बीके अस्पताल बच्चों इलाज के लिए बीके अस्पताल में लेकर जाया गया है। तुरंत ही डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का इलाज शुरू किया। जिन बच्चों को मामूली चोटें आई थी, उन्हें मरहम-पट्टी की गई। जिन चार बच्चों की हालत गंभीर थी, उन्हें विशेष उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही परिवार और पुलिस भी अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी ली। निर्माणाधीन मकान की जानकारी जुटा रही पुलिस मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी खुर्शीद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसका ये मकान है, क्या निर्माण में नियमों का पालन किया गया था, जिस वक्त हादसा हुआ, उस वक्त मकान में कौन मौजूद था? जैसे कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाही की जाएगी।
फरीदाबाद में स्कूल की छत पर गिरी मकान की दीवार:मलबे के नीचे 10 बच्चे दबे, स्टाफ ने बाहर निकाला; स्कूल खाली कराया गया
