हरियाणा के महेंद्रगढ़ में CIA नारनौल और पादरी गुलेल गैंग के बदमाशों के बीच गुरुवार रात को मूठभेड़ हो गई। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो घायल बदमाशों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो इनामी बदमाश भी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि पादरी गुलेल गैंग के सदस्य महेंद्रगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद CIA टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। घायलों को किया रेफर दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को पहले नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके से पांच अन्य आरोपियों को भी काबू कर लिया। अवैध हथियार बरामद जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से कई पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल होने वाली गुलेलें, सरिया व वायर कटर बरामद किए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गैंग के सदस्य पहले भी लूट, रंगदारी, फायरिंग और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच पकड़े गए सभी आरोपी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं, जिनमें से एक पर 15 हजार और दूसरे पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित है। एसपी दीपक ने इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम को विशेष रूप से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस गैंग के नेटवर्क, हथियार सप्लाई और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
महेंद्रगढ़ में CIA- पादरी गुलेल गैंग के बीच मुठभेड़:गोली लगने से दो इनामी बदमाश घायल, 7 मेंबर गिरफ्तार, सभी मध्य प्रदेश के रहने वाले
