नूंह में एक्सीडेंट में हरियाणा पुलिस के सिपाही की मौत:दो हेड- कांस्टेबल गंभीर घायल, केएमपी एक्सप्रेस-वे पर डंपर ने मारी टक्कर

Spread the love

नूंह जिले से गुजर रहे केएमपी एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक सड़क हादसे में हरियाणा पुलिस के सिपाही की मौत हो गई। इस घटना में दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा खेड़ा खलीलपुर के पास हुआ, जब एक तेज रफ्तार डंपर ने डायल-112 की पुलिस टीम के वाहन को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, डायल-112 की टीम केएमपी एक्सप्रेस-वे पर एक टाटा पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर मौके पर पहुंची थी। पुलिसकर्मी वहां राहत कार्य और यातायात व्यवस्था संभालने में लगे हुए थे। अचानक बेकाबू हुआ डंपर इसी दौरान, रेवासन की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित हो गया और सीधे पुलिस वाहन से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सिपाही बलवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। उनका इलाज जारी है। डंपर ड्राइवर मौके से फरार हादसे के बाद आरोपी डंपर ड्राइवर अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक सिपाही बलवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस फिलहाल फरार डंपर चालक की तलाश कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को इस हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। यहां देखें एक्सीडेंट के फोटो…