भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए लखनऊ प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी शैक्षिक बोर्डों से संचालित स्कूलों में 22 मई से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने भी जन सामान्य के लिए हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों को धूप से बचने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इसके बावजूद जिले के कुछ विद्यालयों में अब तक ग्रीष्मावकाश घोषित नहीं किया गया था, जिससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। प्रशासन ने कहा- छोटे बच्चों पर तेज गर्मी और लू का असर सबसे अधिक पड़ता है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी ने सभी बोर्डों के विद्यालयों में तत्काल प्रभाव से ग्रीष्मावकाश लागू करने के निर्देश दिए हैं। सभी बोर्ड के स्कूलों पर आदेश होगा लागू आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में संचालित सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को इस निर्देश का पालन करना अनिवार्य होगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। गर्मी के बढ़ते असर के बीच अभिभावकों ने प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है।
लखनऊ के सभी स्कूलों में कल से छुट्टी:DM ने भीषण गर्मी-लू को देखते हुए दिए आदेश, प्रशासनिक काम होंगे
