रोहिणी में बुधवार शाम पुरानी रंजिश में दो गुटों के बीच झड़प में दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। एक अन्य नाबालिग घायल है। पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, सुल्तानपुरी के तीन नाबालिग सेक्टर-20 रोहिणी पहुंचे थे। उन्हें शक था कि इलाके का एक लड़का उनके साथी के हत्या आरोपियों को शरण दे रहा है। उस लड़के को नहीं मिलने पर उनका एक परिवार से विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने एक महिला और उसके बेटे से मारपीट की। इसके बाद स्थानीय लोग उनके पीछे दौड़े। इसी दौरान गिरे चाकू से 14 साल के एक लड़के ने दो नाबालिगों पर हमला कर दिया। दोनों की अस्पताल में मौत हो गई। आज की अन्य बड़ी खबरें… उधमपुर में हार्डवेयर दुकान में आग लगी, 8 से ज्यादा दमकल गाड़ियां और सेना की टीम मौके पर पहुंची जम्मू-कश्मीर के उधमपुर के चबूतरा बाजार स्थित एक हार्डवेयर दुकान की तीसरी मंजिल पर आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए 8 से ज्यादा फायर टेंडर लगाए गए हैं। भारतीय सेना की विशेष अग्निशमन टीमें भी अभियान में शामिल हैं। संयुक्त टीमों ने आग को पड़ोसी इमारतों तक फैलने से रोका। केरलम में दूध ₹4 रुपए प्रति लीटर महंगा, 1 जून से नई दरें लागू केरलम को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (मिल्मा) ने राज्य में दूध के दाम 4 रुपए प्रति लीटर बढ़ाने का फैसला किया है। नई दरें 1 जून से लागू होंगी। यह फैसला बुधवार को मिल्मा के निदेशक मंडल की बैठक में लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बढ़ी कीमत में से ₹3.35 प्रति लीटर सीधे डेयरी किसानों को दिए जाएंगे, ताकि बढ़ती उत्पादन लागत के बीच उनकी आय को सहारा मिल सके। मिल्मा ने पहले 4 से 6 रुपए प्रति लीटर तक कीमत बढ़ाने की मांग की थी। फेडरेशन के मुताबिक, सूखे की स्थिति, उत्पादन लागत में बढ़ोतरी और पड़ोसी राज्यों से खरीदे जा रहे दूध की ऊंची कीमतों की वजह से क्षेत्रीय यूनियनों को नुकसान हो रहा है।
भास्कर अपडेट्स:दिल्ली के रोहिणी में दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या; एक आरोपी हिरासत में
