फतेहाबाद जिले के टोहाना में ट्रक और बाइक की टक्कर में 34 वर्षीय युवक शीलू सिंह की मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। मृतक जींद जिले के गांव खरड़वाल का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, शीलू शनिवार शाम को अपनी बाइक पर सवार होकर टोहाना से अपने गांव खरड़वाल जा रहा था। शाम के समय जब वह गांव कन्हड़ी से आगे बाबा सिया नाथ मंदिर के पास पहुंचा, तभी ट्रक और उसकी बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई और शीलू गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत घायल शीलू को टोहाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महाराष्ट्र जा रहा था ट्रक ड्राइवर घटना की सूचना मिलते ही टोहाना शहर थाना से सब इंस्पेक्टर पवन और एएसआई जोगिंदर सिंह मौके पर पहुंचे। ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि वे महाराष्ट्र जा रहे थे और खाना खाने के लिए होटल ढूंढ रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक की ट्रक से टक्कर हो गई। हमें साइड में से निकले दूसरे वाहन के ड्राइवर ने बताया कि पीछे बंदा मर गया है। इसके बाद उन्होंने पीछे देखा तो बाइक सवार था। हमने तत्काल उसका सिर बांधा और पुलिस को सूचना दी गई। आज होगा पोस्टमॉर्टम जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर पवन ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। जहां रविवार को पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
टोहाना में एक्सीडेंट में जींद के युवक की मौत:बाइक और ट्रक में हुई टक्कर, अपने गांव वापस लौट रहा, ड्राइवर ने बांधा सिर
