फ़रीदाबाद में बीपीटीपी लाल बत्ती के पास देर शाम एक ऑडी कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस की तत्परता और सूझबूझ के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा होने से बच गया। बीपीटीपी लाल बत्ती स्थित यातायात बूथ पर तैनात सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे सेक्टर-15 की ओर से एक युवक अपनी ऑडी कार लेकर वर्ल्ड स्ट्रीट की दिशा में जा रहा था। जब वह लाल बत्ती पर खड़ा था, तभी वहां तैनात एक यातायात कर्मी ने कार के इंजन की तरफ से धुआं निकलते हुए देख लिया। इंजन से अचानक निकलने लगा धुआं जैसे ही सिग्नल ग्रीन हुआ, युवक अपनी कार को आगे बढ़ाते हुए यातायात बूथ पार कर आगरा नहर के पुल की ओर पहुंचा। पुल पर चढ़ते ही कार के इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत कार को सड़क के किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया। इस दौरान उपनिरीक्षक अशोक कुमार और अन्य यातायात कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। यातायात बूथ पर रखे पानी को बाल्टियों में भरकर कार पर डाला गया, लेकिन आग इंजन के अंदर होने के कारण धुआं लगातार बढ़ता गया और आग भड़कने लगी। वाहन चालकों ने किया आग बुझाने का प्रयास इसके बाद आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों से अग्निशामक सिलेंडर लेकर आग बुझाने की कोशिश की गई। थोड़ी ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि इस घटना में कार का अगला हिस्सा काफी हद तक जल गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार में आग लगने का कारण इंजन के अंदर वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। आग बुझने के बाद चालक ने एक टोइंग वाहन बुलाकर अपनी क्षतिग्रस्त कार को वहां से हटवा लिया। यातायात पुलिस की सतर्कता के कारण इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
फरीदाबाद में चलती ऑडी कार में लगी आग:युवक ने बाहर निकल कर बचाई जान, ट्रैफिक पुलिस ने पाया काबू
