हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में मोटर यार्ड में स्कोडा कार से बरामद चीनी हैंड ग्रेनेड मामले में STF की जांच उलझती जा रही है। तीन दिन बीत जाने के बावजूद STF दूसरे हैंड ग्रेनेड का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि आरोपी सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा लगातार पूछताछ में गोलमोल जवाब दे रहा है। उसके साथी का नाम तक सामने नहीं आया है। आज शनिवार को नोनी राणा का पुलिस रिमांड खत्म हो रहा है। ऐसे में STF उसे दोबारा कोर्ट में पेश कर रिमांड बढ़वाने की तैयारी में जुट गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि जब तक दूसरा ग्रेनेड और उसे ले जाने वाला व्यक्ति नहीं पकड़ा जाता, तब तक यह मामला पूरी तरह खुल नहीं पाएगा। एक ही बात दोहरा रहा नोनी राणा पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक की पूछताछ में नोनी राणा सिर्फ एक ही कहानी दोहरा रहा है। उसने STF को बताया कि ईंट भट्ठे के पास एक जगह 2 हैंड ग्रेनेड रखे होने की सूचना उसे विदेश से मैसेज के जरिए मिली थी। उसे कहा गया था कि वहां से सिर्फ एक ग्रेनेड उठाना है। बोला- एक ही ग्रेनेड मिला नोनी का कहना है कि जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां केवल एक ही ग्रेनेड मिला। दूसरा ग्रेनेड उससे पहले कोई और उठा चुका था। हालांकि STF को उसकी इस कहानी पर पूरा भरोसा नहीं है। इसी वजह से जांच एजेंसियां लगातार उससे कड़ी पूछताछ कर रही हैं। पूछताछ के लिए ही STF कोर्ट से रिमांड मांग करेगी। जगह की निशानदेही भी नहीं हुई नोनी राणा से उस स्थान की सटीक निशानदेही भी नहीं करवाई है, जहां से वह ग्रेनेड उठाकर लाया था। नोनी राणा ने जिस-जिस जगह जगह की लोकेशन बताई STF की टीम लगातार उस इलाके में दबिश दे रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। दूसरे ग्रेनेड ने बढ़ाई चिंता STF की सबसे बड़ी चिंता यही है कि दूसरा हैंड ग्रेनेड आखिर कहां है, क्योंकि अगर वह किसी गलत हाथ में पहुंचा है तो इससे बड़ा खतरा खड़ा हो सकता है। इसी वजह से कई टीमें लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच में लगी हुई हैं। STF कोशिश कर रही हैं कि नोनी राणा जिस दिन ग्रेनेड लेने गया था, उस दिन उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। विदेश से ऑपरेट हो रही गैंग पुलिस जांच में सामने आया है कि अंबाला के सैनी माजरा निवासी सागर सैनी और कुरुक्षेत्र के दबखेड़ी निवासी प्रगट विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहे हैं। दोनों को लखबीर सिंह लांडा गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। तंगौर गांव का रहने वाला सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा लंबे समय से इनके संपर्क में था।
STF के लिए सिरदर्द बना दूसरा हैंड ग्रेनेड:बयान बदल रहा कुरुक्षेत्र से पकड़ा गैंगस्टर, रिमांड बढ़वाने की तैयारी में पुलिस
