कैथल जिले के गांव पबनावा के करीब 37 वर्षीय युवक का अमेरिका में हृदय गति रुकने से निधन हो गया। युवक मनीष कुमार करीब चार साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया था और वहां पर किराये की गाड़ी चलाता था। कल देर रात को युवक को अचानक घर पर हार्ट अटैक आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। साथ में रहने वाले लोगों ने जैसे ही मनीष को दखा, तो तुरंत इसकी सूचना परिवार को दी। अब परिवार ने युवक का शव भारत लाने में सहयोग करने की सरकार से गुहार लगाई है। चार साल पहले गया था अमेरिका मृतक युवक मनीष की माता केलो देवी ने बताया कि उन्होंने डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर मनीष को इस उम्मीद से अमेरिका भेजा था कि वह विदेश में अच्छी कमाई कर परिवार के हालात को सुधरेगा, लेकिन अब उनकी सारी उम्मीदें धरी की धरी रह गई। विदेश में गाड़ी चलाता था मां केलो देवी ने बताया कि मनीष चार बहनों का इकलौता भाई था, उसकी शादी हो चुकी है और उसका एक 13 साल का बेटा भी है। पिता सुरजन सिंह बुजुर्ग हैं। मनीष परिवार में अकेला कमाने वाला था। इस समय मनीष अमेरिका में गाड़ी चलाता था। मां से बोला- बाद में बात करुंगा उसकी मौत से पहले भी परिवार के साथ मनीष के बातचीत हुई थी, जिसमें उसने यह कहा था कि इस अभी वह गाड़ी चला रहा है, बाद में बात करेगा। मां केला देवी ने सरकार से गुहार लगाई है कि मनीष के शव को गांव लाने में सहायता की जाए, ताकि परिवार उसके अंतिम दर्शन कर सके और उसका संस्कार किया जा सके।
कैथल के युवक की अमेरिका में हार्टअटैक से मौत:चार बहनों का भाई, जमीन बेचकर डंकी रूट से गया था विदेश
