तूफान से 50 फीट ऊपर उड़ा तो लगा कि अब जिंदा नहीं बचूंगा। ऊपर वाले का करिश्मा है, जो जिंदा हूं। मैं करीब 50 फीट की ऊंचाई पर हवा में उछल गया। 100 फीट दूर खेत में जा गिरा। ये कहना है बरेली के नन्हे मियां का, जो बुधवार को तूफान में हवा में उड़ गए थे। उनका वीडियो जिसने भी देखा, हैरान रह गया। हादसे में नन्हे का एक हाथ और पैर टूट गया। हालांकि, अब वह अस्पताल से घर आ गए हैं। वीडियो के बारे में जानने के लिए दैनिक भास्कर की टीम नन्हे के घर पहुंची। यहां नन्हे और घटना का वीडियो बनाने वाले युवक से मुलाकात की। पूरी बातचीत पढ़िए … दो तस्वीरें देखिए ई-रिक्शा चलाते हैं नन्हे मियां नन्हे बरेली शहर से 22 किमी दूर भमोरा थाना क्षेत्र के बमियाना गांव में रहते हैं। परिवार में पत्नी अंजुम बेगम (45), दो बेटियां और तीन बेटे हैं। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का खर्च चलाते हैं। दैनिक भास्कर टीम गुरुवार दोपहर उनके घर पहुंची तो वह चारपाई पर लेटे मिले। हमने घटना के बारे में पूछा तो नन्हे ने बताया- मैं बुधवार शाम करीब 4:30 बजे बारात घर से सामान लाने गया था। तभी मौसम बिगड़ गया। पहले बादल छाए। फिर तेज आंधी-तूफान आ गया। आंधी इतनी तेज थी कि बारात घर का टिनशेड उखड़ने लगा। मुझे लगा कि अगर मैं टिनशेड को नहीं पकडूंगा तो आंधी इसे अपने साथ उड़ा ले जाएगी। मैंने तुरंत टिनशेड में एक रस्सी बांधी। उसे पकड़कर रोकने की कोशिश करने लगा। लेकिन, हवा इतनी तेज थी कि टिनशेड उखड़ गया और हवा में उड़ने लगा। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता, मैं खुद भी उसके साथ हवा में उठ गया और उड़ने लगा। मैं करीब 50 फीट की ऊंचाई तक हवा में चला गया। इसके बाद करीब 100 मीटर दूर जाकर एक खेत में गिर पड़ा। जमीन पर गिरने के बाद मैं कुछ देर के लिए अचेत हो गया। मुझे तो यह भी नहीं पता चला कि किसी ने मेरा वीडियो कब बना लिया। मोबाइल से पूरी घटना का वीडियो बनाया गया नन्हे मियां से बातचीत के बाद हमने वीडियो बनाने वाले गांव के ही रजान अंसारी से बात की। रजान ने बताया- मैं जामा मस्जिद के पास रहता हूं। शाम को तेज आंधी चल रही थी। मौसम काफी अच्छा लग रहा था। मैं मोबाइल से सुनहरे मौसम और तेज आंधी का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। तभी मैंने नन्हे मियां को हवा में उड़ते हुए देखा। मैंने तुरंत इसे रिकॉर्ड किया। बाद में इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो वायरल हो गया। एसडीएम ने अस्पताल पहुंचकर हाल जाना घटना के बाद घायल नन्हे मियां को देवचरा स्थित पलक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। डॉक्टर ने उनके हाथ-पैर में प्लास्टर किया। रात में हालत में सुधार होने पर वह घर लौट आए थे। तबीयत बिगड़ने पर गुरुवार दोपहर फिर से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आंवला एसडीएम विदुषी सिंह अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने नन्हे मियां का हालचाल जाना। ——————– ये खबर भी पढ़िए… UP में आंधी-तूफान, 104 लोगों की मौत:80kmph की आंधी में उड़ा शख्स उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-अयोध्या समेत 30 जिलों में बुधवार को आंधी-तूफान के कारण 104 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं। यहां 80 KMPH की रफ्तार से आंधी चली, बरेली में एक शख्स टिनशेड समेत हवा में उड़ गया। राज्य के बांदा शहर में तापमान 45.4°C रहा। आज 51 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट है। पूरी खबर पढ़ें…
आंधी में 50 फीट ऊंचाई तक उड़े शख्स का इंटरव्यू:यूपी के नन्हे बोले- बचने की उम्मीद नहीं थी; 100 फीट दूर गिरा, हाथ-पैर टूटे
