सोनीपत नगर निगम में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान 10 सफाई कर्मचारियों पर FIR दर्ज हो गई है। नगर निगम प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों पर शहर की सफाई व्यवस्था बाधित करने, सरकारी कार्य में रुकावट डालने, वाहनों को रोकने, कूड़ा सड़क पर फेंकने और कर्मचारियों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ और सैनिटरी इंस्पेक्टर सुंदर की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने 10 कर्मचारियों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और आज सरकार-प्रशासन के साथ रोहतक में मीटिंग भी होनी है। निगम ने पुलिस को भेजी शिकायत संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ और सैनिटरी इंस्पेक्टर सुंदर ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि कुछ नियमित, पालिका रोल और कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत सफाई कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल पर हैं। इसी दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का कार्य कर रही एजेंसी JBM Enviro की गाड़ियों को कथित रूप से रोककर उनमें भरा कूड़ा नगर निगम कार्यालय के बाहर सड़क पर फेंक दिया गया। प्रशासन का आरोप है कि इससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। रात में JCB और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर हमला शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि हड़ताल के दौरान रात के समय कूड़ा उठाने पहुंची JCB और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कुछ लोगों ने हमला करने की कोशिश की। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने तेजधार हथियारों और अन्य वस्तुओं से वाहनों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। प्रशासन ने इसे सरकारी कार्य में बाधा, डराने-धमकाने और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बताया है। आउटसोर्स कर्मचारियों को धमकाने के आरोप डिंग मैनपावर और महिला आदर्श सोसायटी की ओर से भी शिकायतें दी गई हैं। इनमें आरोप लगाया गया है कि हड़ताली कर्मचारी रात के समय सफाई कार्य कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों को धमका रहे हैं और सड़क सफाई का काम रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत में कहा गया कि इस कारण सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। इन कर्मचारियों को किया नामजद पुलिस शिकायत में जिन कर्मचारियों को नामजद किया गया है उनमें राजा पुत्र वीर सिंह, भारत पुत्र रोहताश, राहुल पुत्र राजू, विशाल पुत्र राजेंद्र, दीपक पुत्र कर्मबीर, कृष्ण पुत्र राजन, दीपक पुत्र कृष्ण, सोमी पुत्र धर्मपाल, सुनील पुत्र कृष्ण और राकेश पुत्र जसवंत के नाम शामिल हैं। सभी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत केस दर्ज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 132, 190, 191(2), 221, 270, 324(3) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। FIR में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शनकारी जानबूझकर शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। मामले की जांच में जुटी पुलिस थाना सिविल लाइन पुलिस के अनुसार मामले की जांच P/SI आशु राव को सौंपी गई है। पुलिस ने FIR दर्ज कर विशेष रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। साथ ही नगर निगम की सफाई व्यवस्था सुचारू रखने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
सोनीपत में 10 नामजद सफाई कर्मियों पर FIR:JCB रोकने और धमकी देने के आरोप; सफाई व्यवस्था में डाली रुकावट
