हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने मंगलवार को 12वीं का रिजल्ट जारी कर दिया। हिसार जिले का ओवरऑल रिजल्ट शानदार रहा। प्रतिशत के साथ-साथ संख्या बल में भी प्रदेश में हिसार का अच्छा प्रदर्शन रहा। पूरी लिस्ट में हिसार इकलौता ऐसा जिला है जहां 18,111 छात्र परीक्षा में बैठे थे। यह प्रदेश में छात्रों की सबसे बड़ी संख्या है। प्रदेश में सबसे ज्यादा 16,018 छात्र हिसार में क्वालिफाइड हुए हैं। इतने अधिक छात्र होने के बावजूद 88.44% का परिणाम देना यह दर्शाता है कि जिले में शिक्षा का स्तर स्थिर और काफी बेहतर है। वहीं, हिसार के गांव मतलौडा की मंजू ने पूरे प्रदेश में साइंस स्ट्रीम में टॉप पॉजिशन हासिल की है। मंजू के पिता वीरेंद्र बिजली निगम में लाइनमैन हैं। वह बरवाला पावर हाउस में काम करते हैं। पिता बोले- मैं दौड़कर घर आया मंजू ने बायोलॉजी में 99, कैमेस्ट्री में 99, इंग्लिश में 98, होम साइंस में 97, फिजिक्स में 95 और हिंदी में 99 अंक प्राप्त किए हैं। मंजू के कुल 500 में से 492 अंक आए हैं। मंजू के पिता वीरेंद्र ने दैनिक भास्कर एप से बातचीत में बताया कि जैसे ही उनको रिजल्ट का पता चला तो वह घर बेटी को आशीर्वाद देने दौड़े चले आए। उनको अपनी बेटी पर नाज है। कार्डियक डॉक्टर बनना चाहती है मंजू मंजू ने बताया कि उसने बिना ट्यूशन पढ़ाई की। स्कूल में ही उनके डाउट क्लीयर कर दिए जाते थे। मंजू ने बताया कि उसने घर पर टाइम टेबल लगाया हुआ था। उसी के अनुसार ही वह तैयारी करती थी। वह सुबह स्कूल जाने से 3 घंटे पहले पढ़ती थी और स्कूल आने के बाद भी 4 से 5 घंटे पढ़ती थी। मंजू ने बताया कि उसका सपना कार्डियक डॉक्टर बनने का है।
हिसार में लाइनमैन की बेटी बनी साइंस टॉपर:मंजू ने 500 में से 492 नंबर लिए; कार्डियक डॉक्टर बनने का सपना
