जमीनी विवाद में गोलियां चलीं, 5 घायल:रोहतक से हांसी में बुआई करने पहुंचा व्यक्ति, दूसरे युवक ने अपना हक जताया

Spread the love

हरियाणा के हांसी में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में गोलियां चलीं, जिसमें 5 लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना नारनौंद क्षेत्र के बडाला गांव में हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बडाला गांव में दोनों पक्षों के बीच साढ़े 18 एकड़ जमीन को लेकर विवाद है। मंगलवार को रोहतक का एक व्यक्ति अपनी जमीन पर बुआई करने पहुंचा था। बडाला गांव के एक युवक ने जमीन पर पहले ही बुआई की हुई थी, जिस पर विवाद हुआ। सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ विवाद…. रोहतक के कश्मीर की जमीन, विक्की ने दावा ठोका जानकारी के अनुसार, रोहतक निवासी कश्मीर लाल की बडाला गांव में करीब 149.7 कनाल (18.5 एकड़) जमीन है। कश्मीर लाल इस गांव का भांजा है। विवाद तब शुरू हुआ जब गांव के ही विक्की और अंकित ने इस जमीन पर अपना हक जताया। विक्की का कहना है कि उसने 28 मार्च 2026 को कश्मीर लाल को जमीन के बयाने के तौर पर 70 लाख रुपए और ठेके के 5 लाख रुपए नकद दिए थे। इसी आधार पर उन्होंने 4 मई को जमीन जोत दी थी। कश्मीर बुआई करने आया तो विवाद हुआ इसी बीच मंगलवार को कश्मीर लाल अपने साथ रोहतक से 10-12 लोगों को लेकर जमीन की बुआई करने बडाला पहुंचे। जैसे ही उन्होंने काम शुरू किया, विक्की पक्ष वहां पहुंच गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि गोलियां चलनी शुरू हो गईं। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। मौके पर जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। फायरिंग में ये 5 लोग घायल हुए दोनों तरफ से हुई फायरिंग में बडाला निवासी तेजबीर को पीठ में 2 गोलियां लगी हैं, जबकि सोनीपत निवासी पवन कुमार को एक गोली लगी है। रोहतक निवासी आदित्य भी घायल हुआ है। इसके अलावा, दूसरे पक्ष से विक्की के पैर में गोली लगी है, और विक्की के भतीजे को भी चोटें आई हैं। जमीन को लेकर 3 मई को भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद बास थाने में BNS की धारा (115(2), 126(2) के तहत एफआईआर नंबर 102/26 दर्ज की गई थी। थाना प्रभारी बोले- दाेषियों पर कार्रवाई होगी बास थाना प्रभारी बलवान सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों का उपचार चल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।