फतेहाबाद-रतिया रोड स्थित गांव अयाल्की में सोमवार को बड़ा हादसा टल गया। रतिया की तरफ से फतेहाबाद आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ड्राइवर ने गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य गेट में जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे के समय गेट के पास कोई छात्र या स्कूल स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि टल गई। हालांकि, स्कूल का मेन गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही वहां से गुजर रही बिजली की तारें भी झूल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला ड्राइवर रतिया से फतेहाबाद की ओर जा रहा था। गांव के स्कूल के पास बने ब्रेकर पर पहुंचते ही ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्राले का संतुलन बिगड़ गया। अनियंत्रित ट्राला सड़क से उतरकर सीधे स्कूल के मुख्य गेट में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट का गेट टूटकर दूर तक बिखर गया। पेड़ से टकरा कर रुक पाया ट्राला बाद में गेट के पास खड़े पेड़ से टकराकर ट्राला रुक पाया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उस समय स्कूल की छुट्टी होती या छात्र गेट के पास खड़े होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। तीन स्कूलों के बच्चे इसी गेट से निकलते हैं ग्रामीणों के अनुसार, इसी गेट से तीन स्कूल के बच्चे निकलते हैं। यह हादसा स्कूल की छुट्टी होने से कुछ ही देर पहले हुआ। इस गेट से मॉडल संस्कृति प्राइमरी स्कूल, गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल के बच्चे निकलते हैं।
ड्राइवर को नींद आने से स्कूल गेट में घुसा ट्राला:रतिया से फतेहाबाद जा रहा था; छुट्टी से 20 मिनट पहले हादसा
