कैथल में राजौंद क्षेत्र के गांव सेरधा के पास पुंडरी रोड पर एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। घटना रविवार शाम करीब 6 बजे हुई। आसपास के लोगों ने जैसे ही घटना को देखा तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक व घायल को अस्पताल में पहुंचाया। वहीं दोनों के परिजनों को भी बुलाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। दोस्त के साथ बाइक पर जा रहा था मृतक के पिता ईश्वर ने बताया कि उनका बेटा अक्षय (20) अपने साथी रामफल (26) के साथ खाना खाने के बाद बाइक पर जरूरी काम के लिए जा रहा था। जैसे ही वे पुंडरी मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कार और बाइक की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर गए। हादसे में अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामफल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी टांग टूट गई। घायल अस्पताल में भर्ती, कार ड्राइवर फरार घायल को तुरंत कैथल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। कैथल डीएसपी बीरभान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
कैथल में कार की टक्कर से युवक की मौत:साथी घायल, टांग टूटी; किसी काम से बाइक पर जा रहे थे
