हरियाणा में गुरुग्राम के एक लग्जरी शोरूम में 4 महिलाओं के लेडी गैंग ने 2 लाख रुपए के सूट चोरी कर लिए। सभी ‘हाई-प्रोफाइल’ बनकर आईं और महंगे डिजाइनर सूट चुरा लिए। शोरूम की मालिक ने बताया कि ये चारों महिलाएं सामान्य ग्राहकों की तरह दुकान में दाखिल हुई थीं। उन्होंने स्टाफ को बातों में उलझाया। जब स्टाफ का ध्यान बंटा, तो उन्होंने बड़ी ही सफाई से सूटों को अपने कपड़ों के भीतर छिपा लिया। चोरी ऐसे की गई कि सामान्य तौर पर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता था कि उन्होंने कपड़े कहां छिपाए हैं। हालांकि, जब सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया तो चोरी का खुलासा हुआ। मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर इस लेडी गैंग की तलाश में जुट गई है। पहले जानें VIDEO में क्या सामने आया… स्टॉक कम मिलने पर चोरी का पता चला सोहना रोड के पास बने गुड अर्थ मॉल के लग्जरी शोरूम मालिक अंबिका तनेजा ने बताया कि स्टॉक चेक करने के दौरान जब कुछ कीमती सूट कम पाए गए, तो सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में चारों महिलाएं संदिग्ध गतिविधियां करती दिखीं तो जूम करके सभी कैमरे देखे गए और चोरी का पता चलता। फुटेज में पाया कि वो बारी-बारी से एक-दूसरे को कवर दे रही थीं, ताकि शोरूम में लगे अन्य कैमरों या स्टाफ की नजर उन पर न पड़े। पेशेवर गिरोह कर रहा काम अंबिका तनेजा का कहना है कि हमने सोचा नहीं था कि इतनी सभ्य दिखने वाली महिलाएं इस तरह की वारदात को अंजाम दे सकती हैं। उन्होंने जिस शातिर तरीके से चोरी की, वह पेशेवर गिरोह की लगती हैं। सभी मेरे 2 लाख रुपए तक के सूट चुरा ले गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू ‘ये है मेरा गुरुग्राम’ संगठन के सतपाल राणा ने बताया कि हमने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह एक अंतरराज्यीय गिरोह का काम लग रहा है, जो लग्जरी मॉल्स को निशाना बनाता है। पुलिस अब अन्य शोरूम्स और मॉल के एग्जिट गेट्स के फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
लेडी चोरों ने ₹2 लाख के डिजाइनर सूट चुराए, VIDEO:गुरुग्राम के शोरूम में ‘हाई-प्रोफाइल’ बनकर आईं, कपड़ों का रोल बनाकर अनारकली सूट में छिपाया
