BJP मेयर कैंडिडेट बोले-दूसरा पार्षद बना तो चलने नहीं दूंगा:विवाद हुआ तो जैन ने कहा- मैंने 2029 का उदाहरण दिया; सोनीपत में वोटिंग कल

Spread the love

सोनीपत में नगर निगम चुनाव की वोटिंग से एक दिन पहले भाजपा के मेयर कैंडिडेट राजीव जैन का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, “गलती से अगर पार्षद दूसरी पार्टी का बन भी गया, तो उसकी मैं नहीं चलने दूंगा। इस बात का भी विश्वास रखना कि तुम्हारे काम तो मैं करूंगा और खुद पार्षद बनकर एक-एक समस्या का समाधान भी करूंगा।” राजीव जैन दो दिन पहले वार्ड नंबर-7 से भाजपा के उम्मीदवार मुनीराम ठोलेदार के समर्थन में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। राजीव जैन का वीडियो सामने आने के बाद रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार द्वारा कही गई बात अहंकार से भरी हुई है और उसमें घमंड साफ झलक रहा है। हालांकि, राजीव जैन ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने उनका आधा वीडियो वायरल किया किया। उन्होंने यह भी कहा कि मैंने तो 2019 के चुनाव का उदाहरण दिया था। अब जानिए वायरल वीडियो में राजीव जैन क्या कह रहे…. काम करने के लिए फंड की जरूरत होती है राजीव जैन मंच से संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि कहने को तो कोई कुछ भी कह सकता है, लेकिन जब काम करना पड़ता है तो उसके लिए फंड और पैसे की जरूरत होती है। साल 2019 में सोनीपत सीट से कांग्रेस का विधायक बना था और पांच साल का समय इस प्रकार निकल गया कि विधायक यह कहता रहा कि सरकार में उसकी नहीं चलती। खुद पार्षद बनकर समाधान करूंगा उन्होंने लोगों से कहा, “मैं तो यही कहना चाहता हूं कि गलती से अगर पार्षद दूसरी पार्टी का बन भी गया तो उसकी मैं नहीं चलने दूंगा। इस बात का भी विश्वास रखना कि तुम्हारे काम तो मैं करूंगा और खुद पार्षद बनकर एक-एक समस्या का समाधान भी करूंगा।” पार्षद रोएगा कि मेरी चलती नहीं राजीव जैन ने आगे कहा कि पार्षद पांच साल तक यूं ही रोता रहेगा कि मेरी तो चलती नहीं है, क्योंकि मेयर बीजेपी का है। क्या आप लोगों ने मुझे मेयर बनाने का फैसला कर रखा है? मुनीराम ठोलेदार मेरा कंधा है और उस कंधे को जनता ने मजबूत करना है। अब जानिए राजीव जैन ने क्या सफाई दी… कांग्रेस अधूरी वीडियो वायरल कर रही वीडियो सामने आने के बाद दैनिक भास्कर ने राजीव जैन से बात की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अधूरी वीडियो वायरल कर रही है। हमने ओरिजिनल वीडियो भी जारी कर दिया है और लोगों से केवल यह अपील की जा रही है कि विपक्षी पार्टी के प्रत्याशी को न जिताएं, ताकि सोनीपत के विकास कार्यों में रुकावट न आए। 2019 का उदाहरण दिया था राजीव जैन ने कहा कि उन्होंने केवल एक उदाहरण दिया था कि 2019 में सोनीपत का विधायक कांग्रेस का था और लोग जब काम के लिए उसके पास जाते थे, तो उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता था कि सरकार उनकी नहीं है और भाजपा सरकार में उनकी बात नहीं सुनी जाती। इसके कारण सोनीपत की जनता को विकास कार्यों में नुकसान उठाना पड़ा। अगर जनता कुछ वार्डों में गलती कर भी देगी, तो वह एक वार्ड पार्षद बनकर भी लोगों की समस्याओं का समाधान करवाएंगे। अब जानिए कांग्रेस ने राजीव जैन के वीडियो पर क्या कहा… दीपेंद्र हुड्‌डा बोले- तुलना करना जनता का काम रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “चुने हुए प्रतिनिधि के बारे में इस प्रकार की टिप्पणी करना निंदनीय है। इसमें अहंकार, भ्रष्टाचार और अपने-पराये की राजनीति का भाव दिखाई देता है। कांग्रेस और बीजेपी प्रत्याशी को लेकर जनता खुद तुलना कर लेगी और फैसला करेगी। कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान बेहद सरल और शरीफ व्यक्ति हैं और जनता उन्हें आशीर्वाद देगी।” कमल दीवान बोले- अहंकार खत्म नहीं हुआ सोनीपत से कांग्रेस के मेयर उम्मीदवार कमल दीवान ने कहा, “राजीव जैन का बयान साफ दर्शा रहा है कि उनका अहंकार अभी भी खत्म नहीं हुआ है। जनता के चुने हुए नुमाइंदे को दबाने की बात करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। भाजपा की मानसिकता साफ तौर पर दर्शाती है कि वह वोट चोरी करने और लोगों को दबाने की राजनीति करती है। केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के लोग भी इस बयान का विरोध कर रहे हैं।”