यूपी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की मुलाकात पर तंज कसा। उन्होंने कहा- हार के बाद ममता को एक बौखलाहट हुई। इसमें उन्होंने गलत फैसला लिया। संविधान को नहीं माना। इस्तीफा देने से इनकार कर दिया। राज्यपाल के पास विधानसभा भंग करने का अधिकार है। उन्होंने संविधान के आधार पर इसे भंग कर दिया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुलाकात पर कहा- वे वहां ढांढस बंधाने गए थे कि आप तो सिर्फ एक बार हारी हैं, हम दो बार हारे हैं। आइए साथ मिलकर हारने की नई श्रृंखला बनाते हैं। जब बंगाल चुनाव के नतीजे आ रहे थे, तब तो 4 घंटे तक अखिलेश कुछ बोले नहीं, अब गए हैं वहां बात करने। दरअसल, अखिलेश गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख से मिलने उनके कोलकाता स्थित घर पहुंचे थे। यहां भतीजे अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश को गले लगाया था। ममता अखिलेश को रिसीव करने के लिए गेट पर आई थीं। अखिलेश शॉल ओढ़ाने के लिए आगे बढ़े तो ममता ने कहा- इसकी क्या जरूरत थी? इस पर अखिलेश बोले- ‘दीदी, आप लड़ी हैं… हारी नहीं हैं।’ कानपुर में सट्टे के कर्ज से परेशान होकर युवक ने होटल में फांसी लगाई, सुबह घर से ऑफिस कहकर निकला था कानपुर में एक युवक ने सट्टे के कर्ज से परेशान होकर गुरुवार रात जान दे दी। युवक ने पहले होटल में कमरा बुक कराया और फिर उसी कमरे में पंखे से लटक कर सुसाइड किया। देर रात तक कमरे से कोई आवाज न आने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। मृतक की पहचान रावतपुर थाना के मस्वानपुर सराय निवासी प्रशांत दीक्षित (27) के रूप में हुई। प्रशांत प्राइवेट नौकरी करते थे। परिवार में मां अर्चना दीक्षित, पत्नी अंशिका दीक्षित और डेढ़ साल की बेटी भाव्या हैं। मृतक के बहनोई दीप अग्निहोत्री ने बताया कि प्रशांत टाटा कंपनी में नौकरी करता था। गुरुवार सुबह रोज की तरह ऑफिस जाने की बात कहकर घर से निकला था। दिनभर परिजनों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। दो दिन पहले पड़ोसी युवक ने जान से मारने की धमकी दी थी। मां ने कल्याणपुर थाने में एप्लिकेशन दी है। उन्होंने आरोप लगाया- मसवानपुर निवासी इरशाद, शालू, अरुण गुप्ता, प्रदीप कई दिन से मेरे बेटे को सुबह किसी बहाने से घर से ले जाते थे। उसको सट्टा खेलने के लिए दबाव बनाते थे। इन्हीं लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर और रुपए की नाजायज वसूली की वजह से मेरे बेटे ने जान दी है। पढ़ें पूरी खबर… लखनऊ में वकील ने खुद को गोली मारी, मौत; 2 साल पहले ही हुई थी शादी लखनऊ के अलीगंज सेक्टर-ई में गुरुवार रात एक वकील ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। वकील शैलेंद्र प्रताप सिंह (40) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से कनपटी पर गोली मार ली। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से पिस्टल समेत अन्य सबूत जुटा लिए हैं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इंस्पेक्टर ध्रुव कुमार ने बताया- रात करीब 10.30 बजे शैलेंद्र की बहन शालिनी सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। बताया कि रात करीब 8.30 बजे कमरे से गोली चलने की आवाज आई। दरवाजा खोलने पर शैलेंद्र खून से लथपथ पड़े मिले। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ACP शशि प्रकाश मिश्र ने बताया कि परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर… ललितपुर में नहर में डूबकर तीन की मौत, शादी में शामिल होकर लौट रहे थे ललितपुर में नहर में नहाते समय 5 युवक डूब गए। इनमें से दो युवकों को बचा लिया गया, जबकि तीन की मौत हो गई। पांचों युवक एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने आए थे। गुरुवार तड़के वापस जा रहे थे। रास्ते में पड़ने वाली राजघाट नहर के पास गाड़ी रोककर पांचों नहाने उतर गए। अचानक एक युवक नहर के गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अन्य साथी उसके पास पहुंचे। पांचों डूबने लगे। उन्हें देखकर आसपास लोग नहर में कूद पड़े। पानी का बहाव तेज होने और गहराई अधिक होने की वजह से सिर्फ 2 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। बाकी तीनों दोस्त डूब गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह तीनों को बाीर निकाला। अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला तालबेहट कोतवाली क्षेत्र का है।। पढ़ें पूरी खबर… चित्रकूट में डीजे गाड़ी-ट्रक की भिड़ंत में दो की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल चित्रकूट में तेज रफ्तार ट्रक और डीजे वाहन की टक्कर में गुरुवार सुबह 5 बजे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना में डीजे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल रामनगर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़क मौके से फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, कैप्टन होटल के पास हुई फायरिंग में थे शामिल बुलंदशहर के सिकंदराबाद में गुरुवार देर रात पुलिस और स्वाट टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फायरिंग के मामले में वांछित दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया दोनों आरोपी 6 मई को कैप्टन होटल के पास हुई फायरिंग मामले में शामिल थे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पढ़ें पूरी खबर गाजियाबाद में पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग, मुठभेड़ में एक के पैर में लगी गोली गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में पुलिस और बदमाशों के बीच गुरुवार देर रात मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की। जिसके बाद खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चला दी। दोनों को घेरकर पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पढ़ें पूरी खबर गाजियाबाद में AC का कंप्रेशर फटने से 2 कर्मचारियों की मौत, 2KM दूर तक सुनाई दी आवाज गाजियाबाद में एक फैक्ट्री में टेस्टिंग के समय एसी का कंप्रेशर फट गया। हादसे में 2 कर्मचारियों की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल कर्मचारी को दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आवाज इतनी तेज थी कि धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी। हादसा गुरुवार शाम को साहिबाबाद इलाके में मेडोर्स रिन्यूवल एनर्जी नाम की फैक्टरी में हुआ। पढे़ं पूरी खबर…. ‘काले अंग्रेज चला रहे पुलिस विभाग’:लखनऊ में कांस्टेबल ने IPS अफसरों पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप…VIDEO लखनऊ कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने विभाग के अधिकारियों, विशेषकर IPS अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसका वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया है। उसमें कहा है कि पुलिस विभाग को काले अंग्रेज चला रहे हैं। उसने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। कांस्टेबल को 20 दिन की छुट्टी पर भेज दिया गया है। पूरी खबर पढ़िए
यूपी की बड़ी खबरें:राजभर बोले- अखिलेश ममता को ढांढस बंधाने गए, आप तो एक बार हारी हैं, हम दो बार हारे हैं…
