पश्चिम बंगाल में एक और मेडिकल स्टूडेंट दुष्कर्म का शिकार हुई है। घटना कोलकाता से 170 किमी दूर दुर्गापुर के एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने हुई। पीड़ित ओडिशा के जलेश्वर की रहने वाली है, और यहां MBBS सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के मुताबिक छात्रा शुक्रवार रात 8-9 बजे के बीच अपने दोस्त के साथ डिनर के लिए निकली थी। उस वक्त कैंपस गेट पर 3 युवक खडे़ थे। उन्होंने पहले लड़की का मोबाइल छीना। फिर बाल पकड़कर कैंपस गेट के सामने जंगल में घसीटकर ले गए, जहां गैंगरेप किया। इस दौरान लड़की का दोस्त भाग गया। उसने पुलिस को घटना की खबर दी। पीड़ित फिलहाल निजी अस्पताल में भर्ती है। जबकि आरोपी फरार हैं। पीड़ित के माता-पिता ने इस घटना में लड़की के दोस्त और उसके साथियों के शामिल होने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने लड़के दोस्त को को हिरासत में ले लिया है। डिप्टी मजिस्ट्रेट और एसडीओ दुर्गापुर, रंजना रॉय ने दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज गैंगरेप मामले की पीड़िता से मिलने के बाद कहा कि उसकी हालत स्थिर है और उसकी मां उसके साथ है। रॉय ने कहा कि पीड़िता को पूरा सहयोग मिल रहा है और कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रा बोली- आरोपियों ने फोन वापस करने के लिए पैसे मांगे छात्रा कॉलेज से रात करीब 8:30 से 9 बजे बाहर गई थी। रात करीब 10 बजे वापस लौटते समय गैंगरेप की घटना हुई। छात्रा के माता-पिता को देर रात मामले की जानकारी दी गई। वे आज सुबह दुर्गापुर पहुंचे और दुर्गापुर न्यू टाउनशिप थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ने बताया कि जब तीन लोगों ने उसका रास्ता रोका, तो उसका दोस्त उसे अकेला छोड़कर चला गया। फिर आरोपियों ने उसका फोन छीन लिया और उसे जंगल में ले गए, जहां तीनों ने उसके साथ रेप किया। आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर छात्रा को अंजाम भुगतने की धमकी भी दी। फिर उसका मोबाइल फोन वापस करने के लिए पैसे भी मांगे। पुलिस ने बताया कि उन्होंने पीड़ित छात्रा का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि कल रात पीड़ित की दोस्त से भी पूछताछ की गई है। CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। सबूत इकट्ठा करने के लिए एक फोरेंसिक टीम घटनास्थल का दौरा करेगी। अभी तक मामले में किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हुई है। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों से भी पूछताछ हो रही है।
दुर्गापुर में MBBS स्टूडेंट से गैंगरेप, छोड़कर भागा दोस्त गिरफ्तार:पिता बोले- दोस्त ही डिनर के बहाने लाया; 14 महीने में दूसरी मेडिकल छात्रा के साथ घटना
