हरियाणा के पानीपत जिले में एक महिला के साथ विश्वासघात और बार-बार रेप करने का मामला सामने आया है। एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल की 49 वर्षीय संचालिका ने पानीपत के इसराना थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति पर शादी का झांसा देकर बार-बार रेप करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती, फिर बढ़ा विश्वास पीड़िता, जो दिल्ली के साकेत इलाके की रहने वाली है और बहादुरगढ़ में एक स्कूल का संचालन करती है, ने पुलिस को बताया कि उसकी जान-पहचान आरोपी कुलविंद्र निवासी इसराना थाना क्षेत्र पानीपत से सितंबर 2022 में एक सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी और आरोपी काम के सिलसिले में महिला के स्कूल में आने-जाने लगा। इस दौरान आरोपी ने महिला के परिवार और उसकी निजी जिंदगी के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर ली। अकेलेपन का फायदा उठाकर शादी का झांसा पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसके अकेलेपन का फायदा उठाते हुए अपनी मीठी बातों के जाल में फंसा लिया। उसने महिला से कहा कि वह भी अविवाहित है और उससे बहुत प्यार करता है, इसलिए वह उससे शादी करने के लिए तैयार है। विश्वास जीतने के लिए आरोपी अक्सर स्कूल के कार्यों और घर के कामों में हाथ बंटाने लगा और जिम्मेदारी दिखाने लगा, जिससे महिला का उस पर भरोसा अटूट हो गया। नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में किया दुष्कर्म वारदात की शुरुआत नवंबर 2025 में हुई, जब पीड़िता किसी काम से चंडीगढ़ जा रही थी। आरोपी ने उसे जिद करके इसराना के पास एक रेस्टोरेंट में बुलाया। वहां आरोपी उसे अपनी गाड़ी में बिठाकर पानीपत में नई प्रॉपर्टी दिखाने के बहाने सुनसान जगह पर ले गया। रास्ते में आरोपी ने महिला को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ था। नशे की हालत में होने के कारण पीड़िता विरोध नहीं कर सकी और आरोपी ने गाड़ी के अंदर ही उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने इसी दौरान महिला की आपत्तिजनक अश्लील वीडियो भी बना ली। वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग और लाखों की ठगी इसके बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसने महिला को उसकी अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से पीड़िता उसे समय-समय पर बड़ी रकम देती रही। आरोपी ने भविष्य के लिए प्रॉपर्टी खरीदने के नाम पर भी महिला से लाखों रुपए हड़प लिए। जब पीड़िता ने और पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने उसे जान से मारने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धमकी दी। उसने साफ कह दिया कि वह अब उससे शादी नहीं करेगा और यदि उसने पुलिस में शिकायत की, तो वह उसकी इज्जत मिट्टी में मिला देगा।
पानीपत में शादी का झांसा देकर स्कूल संचालिका से रेप:नशीला पदार्थ पिलाकर बनाई अश्लील वीडियो, लाखों की ठगी का आरोप
