यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:यूपी के मंत्री का गनर रेप में गिरफ्तार, दबिश डालने गए 4 पुलिस वालों की मौत, गर्लफ्रेंड के लिए चिता से खोपड़ी चुराईं

Spread the love

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी के मंत्री राजभर के अखिलेश यादव पर दिए बयान को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर दबिश देने गए 4 पुलिस वालों की मौत से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1. योगी ने मछली पर रवि किशन की चुटकी ली, सांसद बोले- मैं पंडित आदमी, खाता नहीं हूं सीएम योगी ने मंगलवार को गोरखपुर में शिक्षामित्रों को सम्मानित किया। बढ़े हुए वेतन (18 हजार) की धनराशि के चेक बांटे। योगी ने रवि किशन के बंगाल में मछली खाने वाले बयान पर चुटकी ली। उन्होंने कहा- महेसरा में पहले जाम लगता था, क्योंकि रवि किशन के पसंद की चीज यहां मिलती थी। इस पर पीछे से रवि किशन कहते रहे कि पंडित आदमी हूं, मैं नहीं खाता। पूरी खबर पढ़ें… 2. बंगाल जीत पर राजभर बोले- अखिलेश एसी-पीसी और ट्वीट वाले नेता, 2027 में लंदन चले जाएंगे बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत के बाद यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने कहा- अखिलेश यादव ट्वीट, एसी और पीसी के नेता हैं। जिस दिन अखिलेश ने ट्वीट कर ममता दीदी के जीत की मुनादी शुरू की, उसी दिन पक्का हो गया था कि वह हारने जा रहीं। राजभर ने ‘X’ पर लिखा- 2027 चुनाव के बाद अखिलेश की राजनीति खत्म हो जाएगी। वह लंदन चले जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें… 3. जालौन के 4 पुलिसवालों समेत 5 की मौत, हरियाणा में एक्सप्रेस-वे पर स्कॉर्पियो टकराई जालौन के 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 की हरियाणा के नूंह में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह साढ़े 10 बजे एक्सप्रेस-वे पर हुआ। मरने वालों में 2 दरोगा, 2 सिपाही और ड्राइवर शामिल हैं। पुलिसकर्मी अपहरण के मामले में स्कॉर्पियो से दबिश देने गए थे। ओवरटेक करने की कोशिश में स्कॉर्पियो सामने से आ रही दूसरी गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। पूरी खबर पढ़ें… 4. मंत्री राजभर का गनर रेप के आरोप में गिरफ्तार, लड़की बोली- 4 साल तक संबंध बनाए, गर्भपात कराया यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर के गनर प्रशांत राय (29) को सोमवार को वाराणसी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। युवती ने बताया- शादी का झांसा देकर आरोपी ने मुझे फंसाया। 4 साल तक संबंध बनाए। 2 बार गर्भवती हुई तो गर्भपात करा दिया। फिर गुपचुप तरीके से 25 अप्रैल को प्रयागराज में दूसरी लड़की से शादी रचा ली। सोशल मीडिया पर मैंने शादी की तस्वीरें देखी। पूरी खबर पढ़ें… 5. आगरा में तेज बारिश, ललितपुर में हजारों क्विंटल गेहूं भीगा, बच्ची बोली- डीएम अंकल, सड़क बनवा दो यूपी में मंगलवार को लखनऊ, आगरा, प्रतापगढ़, झांसी, अमेठी, गाजीपुर और भदोही में बारिश हुई। आगरा में ताजमहल का दीदार करने पहुंचे पर्यटक भीग गए। ललितपुर में खुले गेहूं क्रय केंद्रों पर रखा हजारों क्विंटल गेहूं भीग गया। लखीमपुर खीरी में कक्षा 1 की छात्रा ने वीडियो जारी कर कहा- “हेलो डीएम अंकल, आप बहुत अच्छे हैं, मेरी सड़क बनवा दो।” पूरी खबर पढ़ें… अब 8 अहम खबरें… 6. 4 बच्चों और उनकी मां के हत्यारे का परिवार बोला- हमारा कोई रिश्ता नहीं, दफनाने से इनकार किया अंबेडकरनगर में महिला और चार बच्चों के हत्यारे आमिर के शव को दफनाने परिवार ने इनकार कर दिया। इमाम ने कब्र पर फातिहा पढ़ने से भी मना कर दिया। पुलिस ने खुद शव को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी कर ली। सोमवार सुबह 19 साल के आमिर को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था। उसने 2 मई को महिला और उसके चार बच्चों की हत्या की थी। पूरी खबर पढ़ें… 7. शामली में ITI छात्र का कुएं में जला हुआ शव मिला, शरीर पर एक कपड़ा भी नहीं था शामली में एक आईटीआई छात्र की हत्या कर दी गई। उसका शव कुएं में फेंक दिया। शव पूरी तरह जला हुआ था और शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। वह सोमवार रात पशुओं के लिए बने घेर में सोने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रस्सी की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना ऊन थाना क्षेत्र की है। पूरी खबर पढ़ें… 8. महिला को जिंदा जलाने वाले को फांसी की सजा, मथुरा में बहन की देवरानी से रेप की कोशिश की थी मथुरा जिला कोर्ट ने घर में घुसकर महिला को जिंदा जलाने वाले आरोपी को फांसी की सजा सुनाई है। आरोपी ने मार्च, 2025 में अपनी बहन की देवरानी के साथ रेप करने की कोशिश की थी। महिला के विरोध करने पर उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। इस दौरान आरोपी भी झुलस गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला की मौत हो गई थी। पूरी खबर पढ़ें… 9. गर्लफ्रेंड वश में करने को चिता से हडि्डयां चुराईं, हापुड़ में तांत्रिक ने कहा था- खोपड़ी ले आओ हापुड़ में एक युवक प्रेमिका को वश में करने के लिए तांत्रिक के चक्कर में फंस गया। उसके कहने पर चिता से हड्डियां और खोपड़ी चुरा लीं। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को दोस्त और तांत्रिक समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को तांत्रिक के पास से 50 पुरुषों और महिलाओं की तस्वीरें मिली हैं। आरोपी प्रेमी और उसके दोस्त और तांत्रिक की फुटेज सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पूरी खबर पढ़ें… 10. लखनऊ में डीएम ने पूड़ी सब्जी बांटी, गन्ने के रस का भंडारा कराने वाले ने बजरंगबली से माफी मांगी ज्येष्ठ महीने का आज पहला बड़ा मंगल है। लखनऊ में 1000 से ज्यादा जगहों पर भंडारे चल रहे हैं। डीएम विशाख जी. ने भंडारे में पूड़ी-सब्जी बांटी। हजरतगंज में एक युवक ने 4 क्विंटल गन्ने के रस का भंडारा कराया। उसने कहा कि कॉमर्शियल सिलेंडर महंगा होने पर बिना सिलेंडर के ही भंडारा करा दिया है। बजरंगबली ने सब दिया है। उनकी कृपा से भंडारा पूरा हुआ। पूरी खबर पढ़ें… 11. मेरी मां के हत्यारों को फांसी दो, फिरोजाबाद में गले में तख्ती डालकर SSP ऑफिस पहुंता मासूम फिरोजाबाद में एक युवक अपने 6 साल के बच्चे के साथ SSP ऑफिस पहुंचा। पिता और बेटे दोनों ने गले में एक तख्ती लटका रखी थी। बेटे की तख्ती पर लिखा था- मेरी मां शिवानी चंदेल के हत्यारों को फांसी दो। वहीं, युवक के गले की तख्ती पर लिखा था- मां सुधा देवी नहीं तो सरकार मुझे इच्छा मृत्यु की इजाजत दे। युवक की पत्नी ने एक महीने पहले सुसाइड कर लिया था। पूरी खबर पढ़ें… 12. सपा नेता का 50 साल छोटी लड़की से चौथा निकाह, दूसरी पत्नी ने गाजियाबाद पुलिस से शिकायत की गाजियाबाद में सपा नेता हाजी खलील ने 50 साल छोटी लड़की से चौथा निकाह कर लिया। उनकी उम्र 70 जबकि, लड़की की सिर्फ उम्र 20 साल है। तीन पत्नियों से उनके 11 बच्चे हैं। सपा नेता के इस निकाह से उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन नाराज हैं। उन्होंने एडिशनल पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। कहा- पति हर पत्नी से बच्चे पैदा करता है, फिर कुछ समय बाद छोड़ देता है। पूरी खबर पढ़ें… 13. लखनऊ पहुंचे विराट कोहली, इकाना में 7 मई को LSG का RCB से मुकाबला IPL 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम सोमवार देर शाम राजधानी लखनऊ पहुंच गई। टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ब्लैक टी-शर्ट में एयरपोर्ट पर स्पॉट किए गए।मंगलवार को इकाना स्टेडियम में टीम के खिलाड़ी प्रैक्टिस करने उतरे। 7 मई को इकाना स्टेडियम में मेजबान लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से आरसीबी का मुकाबला होना है। पूरी खबर पढ़ें… खबर जो हटकर है… 14. कांग्रेस नेता के घर के बाहर फेंका 50 क्विंटल कूड़ा, मुजफ्फरनगर में 2 लाख टैक्स बकाया था मुजफ्फरनगर में नगर पालिका कर्मचारियों ने कांग्रेस नेता के घर के बाहर कूड़े का ढेर लगा दिया। कर्मचारी 3 ट्रालियों में भरकर कूड़ा लाए और उसे जमील के घर के बाहर ढेर कर दिया। इसके बाद नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन भी किया। कूड़ा नहीं हटाने पर जमील अंसारी ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस कर्मी वहां पहुंचे, तो कर्मचारियों की उनसे झड़प हो गई। पूरी खबर पढ़ें… कल कैसा रहेगा मौसम… 15. पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना 6 मई को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, कई जिलों में बारिश के साथ 30-40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…