JJP राष्ट्रीय महासचिव की हैचरी में दो श्रमिकों की मौत:पानीपत में STP प्लांट की ब्लॉकेज खोलते समय हादसा; जहरीली गैस चढ़ी

Spread the love

हरियाणा के पानीपत जिले में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां सीवर लाइन की ब्लॉकेज खोलने उतरे दो श्रमिकों की दम घुटने से मौत हो गई। मृतक युवक जननायक जनता पार्टी (जजपा) के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान की हैचरी में काम करते थे। दोनों के शवों का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है। वहीं जजपा महासचिव देवेंद्र कादियान ने प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। ब्लॉकेज चेक करने उतरे, नहीं लौटे वापस जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान सौरव और अजय के रूप में हुई है। ये दोनों युवक जेजेपी नेता देवेंद्र कादियान की हैचरी पर लंबे समय से श्रमिक के तौर पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि चौटाला रोड से गुजरने वाले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के एसटीपी प्लांट की सीवर लाइन में काफी समय से ब्लॉकेज की समस्या आ रही थी। रविवार को सौरव और अजय इसी ब्लॉकेज को देखने और ठीक करने के लिए सीवर हॉल के भीतर उतरे थे, लेकिन जैसे ही वे अंदर गए, वहां पहले से बनी जहरीली गैस के कारण उनका दम घुटने लगा। कुछ ही देर में दोनों अचेत हो गए और उनकी मौत हो गई। देवेंद्र कादियान का प्रशासन पर आरोप हादसे के बाद जेजेपी के राष्ट्रीय महासचिव देवेंद्र कादियान ने एचएसवीपी (HSVP) विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन का रखरखाव सही न होने के कारण यह हादसा हुआ। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे की तुरंत सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। अगर समय रहते चिकित्सकीय सहायता मिल जाती, तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल मृतक युवकों के घर में इस खबर के बाद से मातम पसरा है। परिजनों का कहना है कि हॉल के अंदर जहरीली गैस का जबरदस्त रिसाव हो रहा था, जिसकी जानकारी श्रमिकों को नहीं थी। बिना सुरक्षा उपकरणों और जानकारी के हॉल में उतरना उनके लिए काल बन गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सामान्य अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।