हरियाणा सचिवालय में कर्मचारी का सुसाइड:चंडीगढ़ में बिल्डिंग की 8वीं मंजिल से कूदा; विजिटर पास बनवा अधिकारी से मिलने आया था

Spread the love

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय की 8वीं मंजिल से कूदकर एक कर्मचारी ने सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही सचिवालय में तैनात पुलिस कर्मचारी और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। डॉक्टरों की टीम ने घटनास्थल पर व्यक्ति की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद शव को एम्बुलेंस से सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। साथ ही मृतक के परिवार को घटना की जानकारी दी गई है। मृतक की पहचान पंचकूला के रहने वाले बलवंत सिंह के तौर पर हुई है। वह बिजली निगम में कार्यरत थे। सोमवार सुबह वह विजिटर पास बनवाकर एक अधिकारी से मिलने सचिवालय आए थे। सुबह 10.22 पर हुई एंट्री बलवंत सिंह का विजिटर पास भी सामने आया है, जो सुबह 9:42 बजे जनरेट हुआ था। पास में उन्होंने पांचवीं मंजिल पर स्थित हरियाणा पावर जनरेशन कॉपोर्रेशन के कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स से ऑफिशियल वर्क के तहत मिलने का कारण बताया था। सचिवालय में उनकी एंट्री 10:22 पर हुई थी। फरवरी में IAS अफसर के सेक्रेटरी ने सुसाइड किया था इससे पहले, इसी साल 25 फरवरी को हरियाणा सचिवालय की ही छठी मंजिल से कूदकर एक कर्मचारी ने सुसाइड किया था। मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के तौर पर हुई। वे IAS अफसर हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी थे। पहले ये IAS आदित्य के साथ थे। कुछ समय पहले ही इन्हें IAS हितेश मीणा के पास लगाया गया था। अरोड़ा का स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी के पद पर प्रमोशन हुआ था। इसके कारण इसकी ब्रांच चेंज हो गई थी। इससे ये नाराज थे। उनकी इसी साल अक्टूबर में रिटायरमेंट होनी थी। इनकी पत्नी उमा अरोड़ा गवर्नर हाउस में तैनात हैं। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…