करनाल जिले में फुसगढ़ के पास देर रात लूटपाट के दौरान एक दिहाड़ी मजदूर पर बेरहमी से हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने 2 हजार रुपए के लिए युवक के मुंह में आर-पार चाकू घोंप दिया और टांगों पर भी वार किए। घायल पूरी रात मौके पर तड़पता रहा। सूचना मिलने पर सामाजिक संस्था की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस को खबर दी। इसके बाद घायल को अस्पताल भिजवाकर इलाज शुरू कराया गया। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल की पहचान बलिंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और करनाल में दिहाड़ी मजदूरी करता है। अपना आशियाना आश्रम के पदाधिकारी राजकुमार ने बताया कि घायल की जेब से आधार कार्ड मिला, लेकिन 2 हजार रुपए गायब मिले। जब उसे होश आया तो उसने बताया कि उसकी जेब में पैसे थे और अचानक 2-3 युवक मुंह बांधकर आए और उस पर हमला कर दिया। मुंह पर चाकू, टांगों पर रॉड से किए वार
घायल ने बताया कि हमलावरों ने आते ही उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद टांगों पर रॉड से वार किए और मुंह पर चाकू मार दिया, जो आर-पार हो गया। आरोपी 2 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। घटना रात की है और वह पूरी रात वहीं पड़ा रहा। सुबह तक किसी ने उसकी मदद नहीं की। गोदाम मालिक ने दी सूचना राजकुमार ने बताया कि जिस जगह घायल मिला, वहां पास में एक गोदाम है। गोदाम मालिक ने ही संस्था को सूचना दी। उन्होंने एक रिक्शा चालक को 500 रुपए देकर घायल को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने को कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुआ। गोदाम मालिक के अनुसार, डायल-112 पर भी कॉल की गई थी, लेकिन टीम ने उसे शराबी समझकर छोड़ दिया। एम्बुलेंस भी नहीं पहुंची, बाद में पहुंची संस्था की टीम
लोगों का कहना है कि एंबुलेंस को भी कॉल किया गया, लेकिन वह भी मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद अपना आशियाना आश्रम की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि अब कोई किसी की मदद करने से बचता है, क्योंकि बाद में पुलिस पूछताछ में उलझना पड़ता है। अस्पताल में भर्ती, बयान के बाद होगी कार्रवाई
राजकुमार ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजकर इलाज शुरू कराया गया है। वहीं डायल-112 के पुलिस कर्मी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि घायल को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अभी वह ठीक से बोल नहीं पा रहा है। हालत सुधरने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करनाल में ₹2 हजार के लिए घोंपा चाकू:युवक के मुंह में आर-पार हुआ; शराबी समझकर छोड़ गई डायल-112 की टीम
