फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा नगला एन्क्लेव पार्ट-2 के पास रविवार शाम करीब 6 बजे हुआ, जब एक अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन ड्राइवर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। निजी कंपनी में काम करता था मृतक की पहचान 40 वर्षीय सरोवर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले का रहने वाला था और फरीदाबाद के डबुआ क्षेत्र में मार्गी फर्म के पास किराए के मकान में परिवार के साथ रहता था। सरोवर एक निजी कंपनी में काम करता था। सरोवर के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटी हैं। परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। सामान लेने मार्केट जा रहा था मृतक के बेटे विवेक ने बताया कि उनके पिता रविवार दोपहर करीब 2 बजे कंपनी के किसी काम से सामान लेने के लिए मार्केट की तरफ निकले थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया और उनके पिता सड़क पर ही पड़े रहे। पिता घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई विवेक ने बताया कि जब शाम करीब 6 बजे तक उनके पिता घर वापस नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद वह अपने पिता को ढूंढते हुए आसपास के इलाके में पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि कुछ देर पहले एक व्यक्ति का सड़क हादसा हुआ है। जब वह मौके पर पहुंचे तो सड़क पर पड़े शव को देखकर पता चला कि वह उनके पिता सरोवर ही थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। परिजनों के अनुसार, सरोवर परिवार में सबसे बड़े थे। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। सरोवर ही परिवार का मुख्य सहारा थे और उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही वहीं, डबुआ थाना प्रभारी संगम दहिया ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। मृतक के बेटे की लिखित शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि हादसे वाले स्थान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और ड्राइवर की पहचान की जा सके।
फरीदाबाद एक्सीडेंट में 4 बच्चों के पिता की मौत:वाहन ने मारी टक्कर; कंपनी के काम से मार्केट जा रहा था
