फरीदाबाद के सिरोही गांव के पास पहाड़ियों के बीच बनी एक झील में नहाने के दौरान 24 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के संजय कॉलोनी, फतेहपुर डेरा निवासी रामशंकर (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक अपने 5 दोस्तों के साथ यूट्यूब पर वीडियो देखकर इस झील पर घूमने के लिए पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार, दिल्ली से 6 दोस्त घूमने के लिए फरीदाबाद आए थे। उन्होंने यूट्यूब पर सिरोही गांव के पास बनी झील का वीडियो देखा था, जिसके बाद सभी दोस्त वहां पहुंचे। झील के पास पहुंचकर सभी युवक नहाने के लिए पानी में उतर गए। रामशंकर नहाते हुए गहराई में गया इस दौरान 5 दोस्त झील के किनारे पर ही नहा रहे थे, जबकि रामशंकर धीरे-धीरे गहराई की ओर नहाने लगा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह झील की गहरी खाई में चला गया, जिससे वह पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन झील ज्यादा गहरी होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाल सके। दोस्तों ने पुलिस को फोन किया घटना के बाद घबराए दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों ने करीब आधे घंटे की तलाश के बाद युवक के शव को झील से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को दी सूचना धौज थाना प्रभारी दर्पण कुमार ने बताया कि दिल्ली से 6 दोस्त घूमने के लिए सिरोही गांव के पास बनी झील पर आए थे। नहाते समय एक युवक गहराई में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवा दिया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद की झील में डूबने से युवक की मौत:दिल्ली से 5 दोस्तों के साथ नहाने आया; यूट्यूब पर वीडियो देख बनाया प्लान
