मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। ‘प्याज’ ने ‘महाराज’ को ट्रोल करा दिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भीषण गर्मी से बचने का देसी उपाय क्या बताया, वे सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए। वहीं, उनके राजनीतिक विरोधियों ने भी उन पर तंज कसे। दरअसल, सिंधिया ने शिवपुरी की एक सभा में अपनी जेब से प्याज निकालकर लोगों से कहा कि कितनी भी भीषण गर्मी हो, एक प्याज जेब में रख लो और निकल जाओ, तुम्हें कुछ नहीं होगा। इसके साथ ही सिंधिया ने यह भी कहा था कि वे न तो अपनी गाड़ी में एसी चलाते हैं और न ही एसी के वातावरण में बैठते हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर प्याज, सिंधिया और एसी को लेकर कई तस्वीरें वायरल होने लगीं। एक तस्वीर में सिंधिया पूरी तरह प्याज से ढंके नजर आ रहे हैं, मानो उन्होंने प्याज की जैकेट पहन रखी हो। एक अन्य तस्वीर में वे प्याज की माला पहने कुर्सी पर बैठे हैं। वहीं, एक तस्वीर में प्याज के डर से सूरज भी थर-थर कांपता नजर आ रहा है। कुछ यूजर्स ने प्याज जैसे दिखने वाले एसी की तस्वीरें शेयर कीं। कुछ लोगों ने इमारतों पर प्याज की बोरियां लटकाते हुए फोटो भी साझा किए। इधर, कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- महाराज की जय हो। भाजपा के सभी नेताओं को महाराज से सीखना चाहिए। सभी भाजपा नेताओं की एयर कंडीशंड कारें वापस ले लेनी चाहिए और उन सभी को अपनी जेब में प्याज लेकर चलना चाहिए। दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा- ज्योतिरादित्य सिंधिया जी, जिनका जन्म इतने बड़े राजघराने में हुआ, वे जिस सादगी का परिचय दे रहे हैं, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए, वह कम है। जय सिया राम। कुछ यूजर्स ने एसी में बैठे ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीरें शेयर कीं। यूथ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी ऐसी ही एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा- सिंधिया जी, आपकी प्याज जल रही है। फिर खुला ‘माई का लाल’ वाला अध्याय
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने ‘माई का लाल’ वाला अध्याय फिर खोल दिया है। भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के मंच से उन्होंने कहा कि आरक्षण कोई माई का लाल नहीं छीन सकता। उमा भारती ने यह बताया कि आरक्षण कब तक रहेगा। उन्होंने कहा- मेरी पार्टी के नेताओं ने भी तय किया है कि जब तक भारत के प्रधानमंत्री के परिवार के लोग, भारत के राष्ट्रपति के परिवार के लोग, भारत के सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस के परिवार के लोग और गरीब परिवारों के लोग एक जैसे स्कूलों में नहीं जाने लगेंगे, तब तक आरक्षण कोई माई का लाल नहीं छीन सकता। अंतिम व्यक्ति तक यह अधिकार जारी रहेगा। अब उमा भारती की इस लाइन ने भाजपा के पुराने जख्म फिर से हरे कर दिए हैं। करीब 10 साल पहले, जून 2016 में, मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी यही डायलॉग बोला था। उन्होंने कहा था- हमारे होते हुए दुनिया की कोई ताकत, कोई माई का लाल आरक्षण समाप्त नहीं कर सकता। शिवराज सिंह के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं। सवर्ण समाज ने उनके और भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इसके बाद 2018 के चुनावी नतीजों ने भाजपा की धड़कनें बढ़ा दी थीं। जब भाजपा सत्ता में नहीं लौट सकी, तो हार के कारणों में शिवराज सिंह के इस बयान को भी अहम माना गया था। अब लोग उमा भारती के इसी तरह के बयान को लेकर भी भाजपा के नफे-नुकसान का हिसाब लगाने में जुट गए हैं। उमर अब्दुल्ला ने की शिवराज की तारीफ
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को वहां की कुदरती खूबसूरती देखकर एक गाना याद आ गया। उन्होंने मंच से कहा- दिल कहे रुक जा रे… रुक जा रे… जो बात इस जगह में है, कहीं पे नहीं.. उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जमकर तारीफ की। इस पर वहां के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी शिवराज सिंह के सहज और सरल स्वभाव की खुलकर सराहना की। उमर अब्दुल्ला ने शिवराज सिंह को जम्मू-कश्मीर का सच्चा दोस्त और हमदर्द बताते हुए कहा- मामा’ के रूप में आपको जो पहचान मिली है, वह पूरी तरह सही है और आप पर जंचती है। हमने भी आपको उसी अपनत्व और भरोसे के साथ स्वीकार किया है। अब लोग कह रहे हैं, मामा का अंदाज ही जुदा है। जहां जाते हैं, छा जाते हैं। आप सांसदों के दलबदल पर भड़के दिग्विजय
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा- सत्यानाश हो। जब दिग्विजय सिंह से मीडिया ने पूछा कि राज्यसभा के जो सात सदस्य भाजपा में चले गए हैं, उनका भविष्य क्या है, तो उन्होंने जवाब दिया- मैं समझता हूं कि जो भाजपा में गए हैं, सत्यानाश हुआ है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), महेंद्र ठाकुर (सीहोर) ये भी पढ़ें –
प्याज दिखाकर बोले सिंधिया- मैं जवान, मेरी आत्मा बूढ़ी: भाजपा विधायक ने फिर दिखाया ‘ढाई सौ किलो का मुक्का’ शिवपुरी में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भीषण गर्मी से बचने का देशी नुस्खा बताया। मंच से बोलते-बोलते उन्होंने अपनी जेब से प्याज निकाला और सभी को दिखाते हुए कहा- कितनी भी गर्मी हो, जेब में प्याज रखो और निकल जाओ, कुछ नहीं होगा। पूरी खबर पढ़ें
‘प्याज’ से उड़ा सिंधिया का मजाक, ‘महाराज’ ट्रोल:अब उमा भारती ने बोला शिवराज वाला डायलॉग; दिग्विजय ने कहा- सत्यानाश हो
