मध्यप्रदेश के सतना में वन स्टॉप सेंटर से रविवार देर रात तीन नाबालिग लड़कियां डोरमेट्री की खिड़की तोड़कर भाग गईं। तीनों की उम्र 14 से 15 साल है और सभी प्रेम प्रसंग के चलते घर से भाग चुकी थीं। सोमवार सुबह घटना सामने आने पर जवाहर नगर स्थित सेंटर के प्रबंधन ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चौकीदार को भनक तक नहीं लगी अधीक्षिका नीता श्रीवास्तव के मुताबिक, तीनों लड़कियां जिस कमरे में रह रही थीं, उसकी पीछे की खिड़की तोड़कर एक-एक कर फरार हुईं। सेंटर में सीसीटीवी कैमरे और मुख्य गेट पर चौकीदार तैनात होने के बावजूद किसी को भनक नहीं लगी। खिड़की के पीछे सीएम राइज स्कूल का मैदान है, आशंका है कि वे उसी रास्ते से बाहर निकलीं। परिजनों के साथ जाने को तैयार नहीं थी तीनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के आदेश पर 14 से 25 अप्रैल के बीच वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। काउंसलिंग के बावजूद वे परिजनों के साथ जाने को तैयार नहीं थीं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पौराणिक टोला की रहने वाली एक नाबालिग तीन माह की गर्भवती है और वह तीसरी बार घर से भागी थी। उसे पहले जबलपुर से दस्तयाब कर सेंटर में रखा गया था। तीन में से एक लड़की यूपी की रहने वाली दूसरी लड़की उत्तर प्रदेश के बिजनौर की है, जिसके माता-पिता प्रयागराज में मजदूरी करते हैं। वह अपने दादा-दादी के साथ रहती थी और 16 अप्रैल को आरपीएफ ने उसे मझगवां में महाकौशल ट्रेन से पकड़ा था। तीसरी 15 वर्षीय लड़की रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जिसे 25 अप्रैल को पुलिस ने पकड़कर वन स्टॉप सेंटर भेजा था। फिलहाल पुलिस तीनों की तलाश में जुटी है।
सतना में वन स्टॉप सेंटर से भागीं 3 नाबालिग लड़कियां:खिड़की तोड़कर फरार, एक 3 माह की गर्भवती; परिजन संग जाने को राजी नहीं थी
