रोहतक जिले के गांव रिठाल फोगाट में छोटे भाई की पत्नी प्रवेश की हत्या करने के मामले में पुलिस आज आरोपी जसबीर को रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने वारदात के बारे में जानकारी दी है। साथ ही जिस हथियार से वारदात को अंजाम दिया, उसके बारे में भी बताया है। गांव रिठाल फोगाट में 19 अप्रैल की रात को घर पर ससुर व बच्चों के साथ मौजूद महिला पर उसके जेठ जसबीर ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। जसबीर ने महिला को लहूलुहान करके छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर कमरे में सो रहे बेटे हितेश ने अपने मामा को फोन करके सारी बात बताई। सूचना के बाद महिला के भाई मौके पर पहुंचे, तो वहां महिला खून में लथपथ हालत में पड़ी हुई थी और आसपास के लोग भी जमा थे। भाईयों ने तुरंत घायल महिला को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान महिला ने अंतिम सांस ली। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने महिला के भाईयों की शिकायत पर जसबीर के खिलाफ केस दर्ज किया। बाहर आने-जाने पर लगाता था पाबंदी पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जसबीर छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। वहीं, प्रवेश के घर से बाहर आने जाने पर भी पाबंदी लगाता था। यहां तक कि उसे भात में जाने से भी मना कर दिया था, लेकिन प्रवेश अपने पति सुखबीर के साथ भात में चली गई। जिसके कारण आरोपी जसबीर चिड़ गया। इसके बाद पड़ोस में ही शादी थी, जिसमें लडिज संगीत था। आरोपी जसबीर ने प्रवेश को लेडिज संगीत में भी जाने से रोका था। बावजूद इसके प्रवेश संगीत में चली गई। जिसके आते ही गुस्से में जसबीर ने प्रवेश पर तेजधार हथियार से वार करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। जसबीर पर पत्नी की हत्या करने समेत 3 केस दर्ज आरोपी जसबीर पर खुद की पत्नी की हत्या करने सहित 3 मामले दर्ज है। इसमें अप्रैल 2003 में अपनी पत्नी सोनीपत निवासी की गला दबाकर हत्या करने का मामला, 2008 में छोटे भाई सुखबीर की पत्नी की हत्या करने का मामला व एक एक्सीडेंट का केस दर्ज है। हालांकि तीनों मामलों में जसबीर कोर्ट से बरी हो चुका है। रिमांड के दौरान आरोपी से की पूछताछ सदर थाना एसएचओ सुरेंद्र ने बताया कि गांव रिठाल फोगाट में महिला की हत्या करने वाले आरोपी जसबीर से रिमांड के दौरान पूछताछ की गई है, वारदात के बारे में जानकारी ली है। आरोपी को रिमांड पूरा होने के बाद कोर्ट में पेश करेंगे। जल्द मामले का सारा खुलासा कर दिया जाएगा।
रोहतक पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश करेगी आज:जेठ द्वारा भाई की पत्नी का मर्डर केस; पूछताछ में हथियार का खुलासा
