कुरुक्षेत्र में युवक ने फंदा लगाकर दी जान:शराब पीने से लीवर डैमेज, मां और भाई काम पर गए थे

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के रतगल गांव में युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। पड़ोसी ने उसे फंदे पर लटका देखा, तो उसके भाई को सूचना दी। सूचना पाकर छोटा भाई घर आया और पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 28 वर्षीय नंद किशोर हाल निवासी रतगल गांव के रूप में हुई। नंद किशोर रंग-पुताई करने का काम करता था। नंद किशोर के पिता की करीब 3 साल पहले मौत हो गई थी। परिवार में उसका छोटा भाई गुलशन और मां सुनीता है, जबकि बहन रितु और संगीता की शादी हो चुकी है। बीमारी से परेशान था नंद किशोर गुलशन ने बताया कि घटना के समय मेरा भाई घर पर अकेला था। मैं और मेरी मां सुनीता अपने-अपने काम पर गए थे। इस दौरान पड़ोसी ने फोन कर सूचना दी, कि उसके भाई ने घर में फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही वह तुरंत घर पहुंचा, जहां उसका भाई नंद किशोर रस्सी के साथ छत वाले पंखे से लटका हुआ था। लीवर हो चुका था डैमेज गुलशन ने बताया कि उसके भाई नंद किशोर को शराब की लत थी। शराब पीने की वजह से उसका लीवर डैमेज हो चुका था। इस कारण से नंद किशोर काफी परेशान रहता था। उसने अपने काम पर जाना भी छोड़ दिया था। हालांकि अस्पताल से उसका इलाज चल रहा था। मामले की जांच में जुटी पुलिस सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में LNJP अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने भाई के बयान पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है।